Sitapur : सीतापुर में ‘मिशन शक्ति’ को मिला बल, एडीजी लखनऊ ज़ोन ने किया केंद्र का लोकार्पण

Sitapur : जनपद में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 को मजबूती देने के लिए आज (25 सितंबर 2025) अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) लखनऊ ज़ोन, सुजीत पांडेय, सीतापुर पहुँचे। पुलिस अधीक्षक सीतापुर द्वारा बुके भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

थाना सिधौली में मिशन शक्ति केंद्र का शुभारंभ

एडीजी ने सबसे पहले सलामी ली और उसके बाद थाना सिधौली में मिशन शक्ति केंद्र का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने एक नए मिशन शक्ति वाहन को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में रवाना किया, जिससे अभियान को ज़मीनी स्तर पर गति मिलेगी। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी (मिशन शक्ति के नोडल) आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह और समस्त क्षेत्राधिकारीगण मौजूद रहे।

एडीजी ने मिशन शक्ति केंद्र टीम की महिला पुलिसकर्मियों से विस्तृत बातचीत की और उन्हें महिला संबंधी अपराधों के रिकॉर्ड्स को अपडेट रखने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं और बच्चों से कुशलतापूर्वक संवाद किया जाए और उनकी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कानून व्यवस्था और नारी सशक्तिकरण पर ज़ोर

एडीजी ने पुलिस अधिकारियों को हॉटस्पॉट्स और संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर गश्त करने और अनुचित गतिविधियों पर सख्ती से तत्काल निपटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए गाँव, कस्बों और विद्यालयों में महिलाओं और बालिकाओं से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए और “सशक्त नारी, प्रदेश का नारा” देते हुए उन्हें प्रेरित किया जाए।

मिशन शक्ति और कानून व्यवस्था के संबंध में समस्त क्षेत्राधिकारीगण के साथ एक विशेष बैठक भी की गई। इसके बाद, एडीजी ने सिधौली कस्बे में दुर्गा पंडाल कमेटी से मुलाक़ात की और आशीर्वाद लेने के साथ ही व्यापार मंडल अध्यक्ष और चेयरमैन से वार्ता की।

कार्यक्रम के अंत में, एडीजी सहित समस्त पुलिस बल द्वारा फुट पेट्रोलिंग की गई और जागरूकता हेतु पैम्फलेट्स भी वितरित किए गए। उन्होंने जनपद पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान में दिखाई गई सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएँ दीं।

यह भी पढ़े : Sonam Wangchuk : लद्दाख में हिंसा के बाद सोनम वांगचुक पर सरकार का एक्शन! SECMOL का FCRA लाइसेंस रद्द

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें