Russia Ukraine War : रूस-यूक्रेन में क्यों नहीं हो पा रही शांति? जेलेंस्की ने बताई वजह

Russia Ukraine War : संयुक्त राष्ट्र महासभा में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि रूस बच्चों का अपहरण कर रहा है, यूरोप को अस्थिर कर रहा है, और परमाणु हथियारों के ठिकानों पर निशाना साध रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मोल्दोवा भी खतरे में है, और रूस दुनियाभर को हथियारों की दौड़ में धकेल रहा है।

न्यूयॉर्क में महासभा के मंच से अपने संबोधन में, जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन में संघर्षविराम संभव नहीं है क्योंकि रूस इसके लिए तैयार ही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस न केवल बच्चों का अपहरण कर रहा है बल्कि नागरिक ढांचे को नष्ट करने और यूरोप को अस्थिर करने का प्रयास कर रहा है। जेलेंस्की ने विश्व नेताओं से पूछा, “हम अपने बच्चों को घर कब ला पाएंगे?” और कहा कि रूस बार-बार यूक्रेन पर हमला कर रहा है।

जेलेंस्की ने कहा कि रूसी हमले सिर्फ यूक्रेन तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में पोलैंड की सीमा में 19 रूसी ड्रोन घुसे, जिनमें से केवल चार को मार गिराया जा सका। इसके साथ ही, एस्टोनिया को भी पहली बार संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलानी पड़ी। उन्होंने चेतावनी दी कि रूस ने परमाणु संयंत्रों के पास भी गोलाबारी की है, जो पूरी दुनिया के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं इतनी कमजोर हैं कि यह ‘पागलपन’ जारी है।

जेलेंस्की ने अपने संबोधन में कहा कि यदि यूरोप ने अभी ठोस कदम नहीं उठाए, तो मोल्दोवा भी रूस के कब्जे में जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जॉर्जिया और बेलारूस पहले ही रूस की ओर झुक चुके हैं, और अब यूरोप मोल्दोवा को भी नहीं खो सकता। उन्होंने यूरोपीय संघ से अपील की कि मोल्दोवा को ऊर्जा और आर्थिक मदद दी जाए।

जेलेंस्की ने जोर देते हुए कहा कि 21वीं सदी में शांति का आधार हथियार हैं। उन्होंने कहा, “आप भी उतनी ही सुरक्षा और शांति चाहते हैं जितनी हम (यूक्रेन) चाहते हैं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा की गारंटी केवल मजबूत गठबंधन, साझेदारी, और अपने हथियारों से ही मिल सकती है। उनका मानना है कि, “अगर कोई राष्ट्र शांति चाहता है, तो उसे हथियारों पर काम करना होगा; अंतरराष्ट्रीय कानून और सहयोग से नहीं।”

जेलेंस्की के इस भाषण ने विश्व को संदेश दिया कि वर्तमान युद्ध में शांति और सुरक्षा का रास्ता मजबूत रक्षा और हथियारों के बिना संभव नहीं है। उनका कहना है कि विश्व को हथियारों और सैनिकों के बिना स्थायी शांति नहीं मिल सकती।

यह भी पढ़े : Mumbai : प्रॉपर्टी के लिए पत्नी और बेटे ने पुलिसवाले को दी दर्दनाक मौत, शरीर पर थे 38 चोट के निशान

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें