
जयपुर/पटना : लंबे समय के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सर्वोच्च इकाई, कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC), बुधवार को बिहार की राजधानी पटना में सदाकत आश्रम में बैठक कर रही है। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी रही। राजस्थान से भी कई वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होने पटना पहुंचे।
राजस्थान से राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मंत्री व मध्य प्रदेश के प्रभारी हरीश चौधरी बैठक में शामिल हुए। हालांकि, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य नहीं होने के कारण बैठक में मौजूद नहीं थे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार इस बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों और हाल ही में सामने आए वोट चोरी के मामलों पर रणनीति तय करने पर गहन चर्चा हो रही है। बैठक में कई नीतिगत फैसले लिए जाने की संभावना है, साथ ही वोट चोरी के खिलाफ बड़े अभियान की रूपरेखा पर भी विचार किया जा सकता है।
सचिन पायलट ने बैठक में कहा कि बिहार देश की राजनीति में महत्वपूर्ण राज्य है और कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनाव में उतरेगी। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और पार्टी स्पष्ट बहुमत के साथ बिहार में सरकार बनाने का लक्ष्य रखती है।
कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने बताया कि सदाकत आश्रम आजादी के संग्राम का गवाह है। इस ऐतिहासिक स्थल से लोकतंत्र और पार्टी की प्रतिबद्धता का संदेश जाएगा।