झांसी पहुंचे शिवपाल सिंह यादव : बोले- ‘2027 में बनेगी सपा की सरकार’, गरौठा विधानसभा में सपा से दावेदारी ठोकेंगे दीपेंद्र सिंह यादव

Jhansi : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव मंगलवार को निजी कार्यक्रम के तहत झांसी जनपद पहुंचे। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मोंठ के नमो फूड प्लाजा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में शिवपाल सिंह यादव को फूल-मालाओं से लादकर स्वागत किया गया। इस दौरान समाजवादी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिला।

शिवपाल सिंह यादव ने इसके बाद पत्रकार वार्ता को संबोधित किया और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अब अनुशासित होकर आगे बढ़ रही है। पार्टी का पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आधी आबादी) का नारा पूरे प्रदेश में गूंज रहा है, और जनता तेजी से सपा से जुड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

भाजपा पर जमकर साधा निशाना

सपा महासचिव ने भाजपा सरकार को लुटेरी और धोखेबाज बताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार झूठे मुकदमों में नेताओं को फंसाकर डराने-धमकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा नेता हमेशा नेताजी (मुलायम सिंह यादव) की विचारधारा और सिद्धांतों पर चलते हुए पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले जीएसटी के नाम पर जनता को लूटी, अब मामूली संशोधन कर वाहवाही लूट रही है। बिजली महंगाई को लेकर उन्होंने कहा कि “गरीब जनता महंगी बिजली का बोझ झेल रही है, उत्तर प्रदेश में पूरे हिंदुस्तान की तुलना में सबसे महंगी बिजली है।”

भ्रष्टाचार और शिक्षा व्यवस्था पर हमला

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि तहसील और थानों में भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा सरकार प्राइमरी स्कूल बंद करने में लगी है जबकि शराब की दुकानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सवाल किया कि विद्यालय बंद करने की क्या आवश्यकता थी? सुधार करने के बजाय शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।

उन्होंने याद दिलाया कि अखिलेश यादव और नेताजी की सरकार में प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की शिक्षा शुल्कमुक्त कर दी गई थी।

आजम खान को लेकर बड़ा बयान

आजम खान की रिहाई को लेकर उन्होंने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और कहा कि सपा हमेशा उनके साथ रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कई बार उन्होंने और उनकी पत्नी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से बात की थी, लेकिन कोई रियायत नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि आजम खान पर दर्ज 104 झूठे मुकदमे भाजपा सरकार की साजिश का हिस्सा थे।

उन्होंने कहा कि आजम खान सपा के सीनियर नेता हैं और हमेशा पार्टी में रहेंगे। बसपा में जाने की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं। सपा हमेशा न्याय और इंसाफ की लड़ाई लड़ती रही है और हर पीड़ित, उपेक्षित और अपमानित वर्ग के साथ खड़ी रहेगी।

दीपेंद्र सिंह यादव ने जताई गरौठा विधानसभा से दावेदारी

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र सिंह यादव ने भी जनता के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव में गरौठा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के रूप में दावेदारी करेंगे।

उन्होंने शिवपाल सिंह यादव को अपना राजनीतिक गुरु और संरक्षक बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में वे जनता की सेवा करेंगे।

यह भी पढ़े : Bihar Politcs : आज हो सकता है महागठबंधन में सीट शेयरिंग का एलान! पटना में राहुल गांधी करेंगे नेताओं के साथ बैठक

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें