भारत अंतरिक्ष में अपने उपग्रहों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए नई ‘बॉडीगार्ड’ योजना पर काम कर रहा

नई दिल्ली। भारत अपने उपग्रहों को अंतरिक्ष में बाहरी खतरों से सुरक्षित रखने के लिए नई सुरक्षा योजना पर काम कर रहा है। इस योजना का उद्देश्य उन संभावित हमलों और खतरों को रोकना है, जो दुश्मन देशों के उपग्रहों से उत्पन्न हो सकते हैं। हाल ही में एक विदेशी उपग्रह, इसरो के एक निगरानी व मानचित्रण उपग्रह के मात्र एक किलोमीटर पास से गुजरा था। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सिर्फ संयोग नहीं, बल्कि शक्ति प्रदर्शन का संकेत था, जिसने भारत की अंतरिक्ष सुरक्षा चिंताओं को और गंभीर बना दिया।

‘बॉडीगार्ड’ उपग्रह बनाए जाएंगे
सूत्रों के अनुसार, सरकार ऐसे विशेष ‘बॉडीगार्ड’ उपग्रह विकसित करने पर विचार कर रही है, जो भारतीय उपग्रहों के पास रहकर उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि से सुरक्षित रख सकें। यह उपग्रह संभावित खतरे की पहचान कर समय रहते अलर्ट देंगे।

50 निगरानी उपग्रह लॉन्च होंगे
योजना के तहत 27 हजार करोड़ रुपये की लागत से 50 निगरानी उपग्रह अंतरिक्ष में भेजे जाएंगे। पहला उपग्रह अगले साल लॉन्च होने की संभावना है। वर्तमान में भारत के पास सौ से अधिक उपग्रह हैं, जबकि चीन के पास 930 से ज्यादा और पाकिस्तान के पास सिर्फ आठ उपग्रह हैं।

चीन की बढ़ती अंतरिक्ष गतिविधियां
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) अंतरिक्ष में तेजी से अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। भारतीय व अमेरिकी अधिकारी पहले भी कह चुके हैं कि यह गतिविधियां खतरनाक और अत्यधिक उन्नत हो रही हैं।

स्टार्टअप्स के साथ साझेदारी
भारत सरकार स्टार्टअप कंपनियों के साथ मिलकर ऐसी तकनीक विकसित करने पर काम कर रही है, जो खतरों को समय रहते पहचान सके। विचार है कि LIDAR (लाइट डिटेक्शन एंड रेंजिंग) तकनीक वाले उपग्रह छोड़े जाएं, ताकि खतरा महसूस होते ही उपग्रह को दिशा बदली जा सके। इसके लिए जमीन पर रडार और दूरबीनों का नेटवर्क भी बनाया जाएगा।

इसरो की सामरिक भूमिका
मई में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सीमित सैन्य संघर्ष के दौरान इसरो ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन के अनुसार उस समय 400 से अधिक वैज्ञानिक दिन-रात काम कर रहे थे, ताकि निगरानी और संचार उपग्रह पूर्ण क्षमता से कार्य कर सकें।

ये भी पढ़े – मराठा आरक्षण केस में बड़ा मोड़ : बॉम्बे हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने खुद को सुनवाई से किया अलग

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें