हिमाचल में मौसम साफ : खिली धूप, भूस्खलन से 369 सड़कें हुई बंद

शिमला : हिमाचल प्रदेश में सोमवार को भी मौसम साफ बना हुआ है और धूप खिली है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य से मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं और अगले 24 घण्टों में मॉनसून हिमाचल के कई इलाकों से विदा हो जाएगा। बीती रात राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। सराहन में 5, मुरारी देवी में 2 और धौलाकुआं में 1 मिमी वर्षा रिकार्ड हुई है।

मौसम विभाग ने आज व कल राज्य भर में मौसम साफ रहेगा। 24 व 25 सितम्बर को कांगड़ा, शिमला व सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा का अनुमान है। जबकि अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा। 26 से 28 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।

इस बीच पिछले दिनों हुई भारी वर्षा से अवरुद्ध सड़कों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार अभी भी दो नेशनल हाइवे व 369 सड़कें अवरुद्ध हैं। ऊना व कुल्लू में एक-एक नेशनल हाइवे बंद है। मंडी में 122, कुल्लू में 109, कांगड़ा में 40, शिमला में 25 और चम्बा में 19 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा कुछ इलाकों में 53 बिजली ट्रांसफार्मर व 127 पेयजल स्कीमें भी ठप हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार मानसून सीजन के दौरान अब तक कुल 448 लोगों की जान जा चुकी है और 46 लोग अभी भी लापता हैं। मृतकों में सबसे ज्यादा 66-66 लोगों की मौत मंडी और चम्बा जिले में हुई है। इसके बाद कांगड़ा में 57, कुल्लू में 49, शिमला में 48, सोलन में 32, किन्नौर में 30, ऊना में 29, बिलासपुर में 23, सिरमौर में 22, हमीरपुर में 16 और लाहौल-स्पीति में 10 लोगों की जान गई है।

लापता 47 लोगों में सबसे अधिक 30 लोग मंडी जिले से लापता हैं। इसके अतिरिक्त चंबा से 5, शिमला और किन्नौर से 3-3, कुल्लू और कांगड़ा से 2-2 तथा सिरमौर और लाहौल-स्पीति से एक-एक व्यक्ति लापता हैं। इसके अलावा 496 लोग इस सीजन में घायल भी हुए हैं।

प्राकृतिक आपदाओं ने न केवल लोगों की जान ली, बल्कि हजारों को बेघर भी कर दिया। अब तक 1,709 मकान पूरी तरह से जमींदोज हो चुके हैं जबकि 7,376 मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है। 495 दुकानें भी ध्वस्त हुई हैं। पशुधन को भी काफी नुकसान हुआ है। 2,510 मवेशियों और 26 हजार से अधिक पोल्ट्री पक्षियों की मौत दर्ज की गई है।

प्रदेश सरकार द्वारा किए गए प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस बार अब तक का कुल नुकसान 4,841 करोड़ रुपये से अधिक का हो चुका है। सबसे अधिक क्षति लोक निर्माण विभाग की सड़कों और पुलों को हुई है, जिसे 2,981 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है। जलशक्ति विभाग को 1,463 करोड़ और ऊर्जा विभाग को 1,396 करोड़ रुपये की क्षति हुई है।

मानसून के दौरान अब तक 148 भूस्खलन, 98 फ्लैश फ्लड और 47 बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गईं। लाहौल-स्पीति जिले में सबसे अधिक 30 बार भूस्खलन हुआ, जबकि शिमला में 29 भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गईं। लाहौल-स्पीति में ही सबसे ज्यादा 57 बार फ्लैश फ्लड आया। बादल फटने की सबसे ज्यादा घटनाएं मंडी जिले में हुईं, जहां 19 बार बादल फटे। इसके अलावा कुल्लू में 12 और चंबा में 6 बार बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गईं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें