
- नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने किया लाइव प्रसारण का आयोजन, महिलाओं में दिखा उत्साह
Gola Gokarnanath, Lakhimpur : शनिवार को नगर पालिका सभागार में ‘मिशन शक्ति-5.0’ के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव प्रसारण नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू की अध्यक्षता में देखा गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा, “नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित ‘मिशन शक्ति’ के इस पाँचवें चरण में प्रदेश के सभी 1,647 थानों में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्रों का उद्घाटन किया जा रहा है। साथ ही मिशन शक्ति केंद्रों से संबंधित SOP की पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया गया है।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी सरकार ने बेटियों के पालन-पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और विवाह तक की समुचित व्यवस्था की है। सुरक्षा की दृष्टि से पीआरवी द्वारा महिलाओं को सुरक्षित घर पहुँचाने की सुविधा दी गई है। साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं।” जिसके तहत 1,647 थानों में मिशन शक्ति केंद्रों का उद्घाटन, SOP पुस्तिकाओं का विमोचन, महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन पर विशेष बल सहित स्थानीय स्तर पर जागरूकता और सहभागिता का प्रयास किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में महिलाओं के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखती है। मिशन शक्ति का यह नया चरण महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी, स्वंय सहायता समूह की महिलाएं, शिक्षिकाएं एवं छात्राएं भी मौजूद रहीं।