Maharajganj : नेपाल में भारी बारिश से सोनौली नारायणघाट मार्ग बंद, सैकड़ों मालवाहक यात्री फंसे

Sonauli, Maharajganj : नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। चितवन जिले के इच्छा कामना ग्रामीण नगर पालिका क्षेत्र में तुईन खोला नदी के पास बड़े भूस्खलन के कारण सोनौली मुगलिंग नारायणघाट राजमार्ग दोनों ओर से पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इस मार्ग के बंद होने से सैकड़ों भारतीय मालवाहक वाहन और नागरिक रास्ते में फंसे हुए हैं।

मुगलिंग स्थित क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय के निरीक्षक प्रतीक सिंह ने जानकारी दी कि शुक्रवार शाम करीब 7:15 बजे तुई खोला में भूस्खलन हुआ, जिसके बाद राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। रातभर यात्री सड़क पर ही फंसे रहे। लगातार बारिश के कारण मलबा हटाने का कार्य बाधित हो रहा है और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।

शनिवार सुबह से मलबा हटाने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन मौसम की मार के चलते सफलता नहीं मिल रही। चितवन जिला पुलिस कार्यालय ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन रोकें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। पुलिस के अनुसार, मुगलिंग से नारायणघाट की ओर लगभग 3.5 किलोमीटर दूर तुईन खोला नामक स्थान पर यह भूस्खलन हुआ।

बीते दिन दोपहर से ही तेज़ बारिश हो रही थी, जिससे शाम को सड़क पर पानी भर गया और मलबा हटाना मुश्किल हो गया। इस मार्ग के बंद होने से न केवल स्थानीय यात्री प्रभावित हुए हैं, बल्कि काठमांडू और पोखरा से चितवन की ओर आने-जाने वाले वाहन भी रोक दिए गए हैं। मुगलिंग बाजार तक यातायात पूरी तरह जाम हो गया है।

मुख्य राजमार्ग के बंद होने से जहां आम नागरिक परेशान हैं, वहीं सैकड़ों भारतीय मालवाहक वाहन भी फंसे हुए हैं। सोनौली कस्टम एजेंट नीरज जायसवाल ने बताया कि जैन-जी आंदोलन के बाद बड़ी संख्या में भारतीय मालवाहक काठमांडू गए थे, जो अब रास्ते में फंसे हुए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि आज भी मलबा पूरी तरह साफ नहीं हो पाएगा।

पुलिस निरीक्षक प्रतीक सिंह ने भी बताया कि बारिश के चलते भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है और मार्ग खोलने में समय लग सकता है। इस आपदा ने नेपाल और भारत के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रभावित किया है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन मौसम की चुनौती के कारण स्थिति सामान्य होने में समय लग सकता है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने समीर मोदी की जमानत याचिका का विरोध किया

Ballia : प्रधानाध्यापक को गोली मारने वाला एक बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें