
शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, बादल फटने, लैंडस्लाइड और बाढ़ के कारण जनजीवन अभी भी अस्त-व्यस्त है। सड़कें बाधित होने और सेब समेत अन्य फसलों के नष्ट होने से लोगों की परेशानी दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। इस बीच प्रदेश की सियासत भी गर्माई हुई है।
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर आपदा के समय विदेश भ्रमण और निजी कार्यक्रम में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी मंत्री आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद नहीं हैं और विदेश या हनीमून पर जा रहे हैं, जबकि जनता की चिंता करने की आवश्यकता है।
इस पर हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर पलटवार करते हुए लिखा, “ईश्वर इन्हें सद्बुद्धि प्रदान करें, हमारी यही प्रार्थना है।”
विक्रमादित्य सिंह की शादी को लेकर भी चर्चा है। वे 22 सितंबर को पंजाब की अमरीन कौर सेखों से सात फेरे लेने वाले हैं। शादी चंडीगढ़ स्थित निवास पर होगी। शादी का कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा और दोपहर 1 बजे लंच का आयोजन होगा। अमरीन कौर पंजाब विश्वविद्यालय में साइकोलॉजी की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं।
इस विवाद ने आपदा प्रबंधन और निजी कार्यक्रमों के बीच संतुलन को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।
ये भी पढ़े – चमोली नंदानगर आपदा : तीसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, CM धामी आज प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे दौरा