
Basti : संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में भारतीय जनता पार्टी के जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों व टीम-11 के सदस्यों की जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक की पहल भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने की। कार्यालय प्रमुख अमृत वर्मा ने बताया कि बैठक में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सीएमओ, डीएसओ, बिजली विभाग के अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को अधिकारियों के समक्ष रखा और उनके त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। बैठक में धर्मांतरण, चोरी की घटनाओं एवं सरकार की छवि खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही पर भी चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य जनता तक सरकार की योजनाएँ पारदर्शी रूप से पहुँचाना है। संगठन और प्रशासन मिलकर कार्य करेंगे तो जिले के विकास एवं जनता की समस्याओं का समाधान और तेजी से होगा। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि थानों एवं तहसीलों में किसी भी भाजपा कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि के सम्मान में कोई कमी न हो, उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाए और भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने कहा कि शासन की योजनाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से लागू करने में संगठन का सहयोग बहुत महत्वपूर्ण है। प्रशासन जनता की सुविधा और सुशासन के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था हेतु पुलिस हर स्तर पर तत्पर है और इसमें समाज एवं संगठन का सहयोग भी आवश्यक है।
इस अवसर पर गोपेश्वर त्रिपाठी, भानु प्रकाश मिश्र, प्रत्यूष विक्रम सिंह, सत्येन्द्र सिंह भोलू, सुनील सिंह, सुजीत सोनी, गौरव अग्रवाल, वैभव पाण्डेय, प्रदीप निषाद, अभिषेक कुमार, दुर्गेश अग्रहरी, कामेंद्र चौहान, पिन्टू सोनकर, जवाहर जायसवाल, गौरव मणि त्रिपाठी, शिव चरन जायसवाल, वीरेन्द्र गौतम, अरविन्द श्रीवास्तव, विनोद चौधरी, अखण्ड प्रताप सिंह, विनय यादव, अमरेश पाण्डेय, रवि तिवारी, श्रुति कुमार अग्रहरी, वेद प्रकाश त्रिपाठी, तारक जायसवाल, अंकित पाण्डेय, लवकुश शुक्ल, विजयभान सिंह, राजेश कमलापुरी, संजय चौरसिया, विद्यामनी सिंह, मनीष सिंह, सर्वजीत भारती, राजकुमार चौरसिया, आनन्द सिंह, राम नेवास गिरी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।