
- वन स्टॉप सेंटर में आयोजित शिविर को अपर जिला जज ने किया संबोधित
Banda : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्राेबेशन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में वन स्टॉप सेंटर में विधिक जागरूकता शिवर का आयोजन किया गया। शिविर में महिलाओं व बालिकाआओं को मिलने वाली मुफ्त कानूनी सेवा और समाज के अतिसंवेदनशील वर्ग के कल्याण के लिए संचालित केंद्र व राज्य सरकारों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर को संबोधित करते अपर जिला जज ने कामकाजी महिलाआें को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से बचाव और िनशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
शुक्रवार को वन स्टॉप सेंटर में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुए विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज श्रीपाल सिंह ने कहा कि महिलाओं को अक्सर यौन उत्पीड़न का शिकार होना पड़ता है, ऐसे उत्पीड़न का शिकार ज्यादातर असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाएं, घरेलू काम करने वाली महिलाएं, छात्राएं और निजी या सरकारी संगठनों में काम करने वाली महिलाएं होती हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को किसी भी प्रकार घटना या समस्या होने पर विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
बताया कि यौन उत्पीड़न की शिकार या किसी अनिष्ट की संभावना पर पीड़ित महिलाएं प्राधिकरण में स्वयं आकर या डाक के माध्यम से प्रार्थना पत्र दे सकती हैं। जिससे उन्हें समुचित सहयोग और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा सके। वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक रमा साहू ने यौन उत्पीड़न की शिकार होने वाली महिलाओं को आगे आकर शिकायत दर्ज कराने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई कराने का आह्वान किया। उन्होंने पीड़ित महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत दर्ज करने की नसीहत दी। जेंडर विशेषज्ञ कामिनी सिंह ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मसुरक्षा के लिए चलाई जा रहीं सरकार की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
वहीं महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए चल रहीं बैंक सखी, उज्जवला योजना, मातृत्व एवं शिशु हित लाभ व शादी अनुदान जैसी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। शिविर को जेंडर विशेषज्ञ आकांक्ष सिंह, पराविधिक स्वयं सेवक सुमन शुक्ला आदि ने भी संबोधित किया। सुमन शुक्ला ने संचालन करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर रक्षपाल, ममता देवी, नीलम कुशवाहा, राशिद अहमद समेत तमाम लोग मौजूद रहे।