PM Modi Gujarat Visit : कल गुजरात जाएंगे पीएम मोदी, नेशनल मरीन हेरिटेज कॉम्प्लेक्स की करेंगे समीक्षा

PM Modi Gujarat Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने गृह प्रदेश गुजरात जाएंगे। इस दौरे के दौरान वह अहमदाबाद के लोथल में बन रहे नेशनल मरीन हेरिटेज कॉम्प्लेक्स (एनएमएचसी) की प्रगति का जायजा लेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।

लोथल कभी सिंधु घाटी सभ्यता का महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र था। अब यहाँ देश की समुद्री विरासत को दर्शाने के लिए भव्य कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, एनएमएचसी प्रधानमंत्री मोदी के ‘पंच प्रण’ में से एक, प्राचीन धरोहरों के संरक्षण का प्रतीक है। इस परियोजना का उद्देश्य विकास के साथ-साथ विरासत का संरक्षण भी है, जिसमें इतिहास, शिक्षा, शोध और मनोरंजन का मेल है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि लोथल में हेरिटेज संग्रहालय का निर्माण इसलिए किया जा रहा है ताकि हर नागरिक अपने इतिहास को आसानी से समझ सके। इसमें नई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि उस प्राचीन समय की भव्यता को पुनः दर्शाया जा सके।

375 एकड़ में फैला है कॉम्प्लेक्स
करीब 4,500 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस कॉम्प्लेक्स का क्षेत्रफल 375 एकड़ है। इसमें दुनिया का सबसे ऊंचा लाइटहाउस म्यूजियम (77 मीटर), 14 गैलरी, तटीय राज्यों का पवेलियन, चार थीम पार्क और एक फ्लोटिंग रेस्टोरेंट शामिल हैं। साथ ही, 100 कमरों वाला टेंट सिटी और रिसॉर्ट, ई-कार सुविधा तथा 500 इलेक्ट्रिक गाड़ियों की पार्किंग भी उपलब्ध कराई जाएगी।

पर्यटन बढ़ेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
एनएमएचसी में रात का लाइट शो, लोथल की मिनी झलक और दुनिया की सबसे बड़ी अंडरवॉटर गैलरी पर्यटकों को आकर्षित करेंगी। इससे न केवल सैलानियों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का कहना है कि यह कॉम्प्लेक्स भारत को समुद्री विरासत पर्यटन और शोध का एक बड़ा केंद्र बनाएगा, और यह आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

यह भी पढ़े : पीलीभीत : गौशालाओं में बाहरी लोगों के प्रवेश पर लगे रोक, डीएम से मिले ग्राम प्रधान

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें