
देवप्रयाग : सांसद अनिल बलूनी और विधायक विनोद कंडारी का वाहन देवप्रयाग डिग्री कॉलेज के पास अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। दोनों नेता आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने देवप्रयाग जा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक मलबा गिरने के कारण उनका वाहन फंस गया। सौभाग्य से कोई भी घायल नहीं हुआ। इसके बाद सांसद बलूनी तहसीलदार के वाहन से देवप्रयाग पहुंचे और निर्धारित सभी कार्यक्रमों में शामिल हुए। बाद में वे प्राइवेट वाहन से देहरादून के लिए रवाना हो गए। एनएच टीम ने तुरंत सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया था।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इस साल की भीषण बारिश और भूस्खलन ने उत्तराखंड को गहरे घाव दिए हैं, जिन्हें भरने में समय लगेगा। उन्होंने कहा कि कल शाम आपदा प्रभावित क्षेत्र में उन्होंने जो दृश्य देखा, वह इस आपदा की गंभीरता को स्वयं बयान करता है। उन्होंने बाबा केदारनाथ से सभी के सुरक्षित जीवन, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ के जवानों, प्रशासन और कठिन परिस्थितियों में सड़कों से मलबा हटाने वाले कर्मचारियों के सेवाभाव की सराहना की।










