
Ghaziabad : मसूरी थाना क्षेत्र के मसौता गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब शनिवार को दो बाइकों की आपस में टक्कर के बाद एक युवक को दूसरे पक्ष ने पीट दिया। इस मामले में पीड़ित की माता ने दो लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा मसूरी थाने में दर्ज कराया था।
हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के बाद अगले दिन रविवार को दोनों पक्षों में एक बार फिर जबरदस्त मारपीट और पत्थरबाजी का मामला सामने आया। विवाद इतना बढ़ गया कि कई थानों की पुलिस गांव पहुंची और किसी तरह मामले को शांत कराया। इस विवाद में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए। वहीं, पुलिस ने वादी की शिकायत पर छह नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

विवाद का विवरण
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मसौता गांव के मोड़ पर बृजेश अपनी बाइक से जा रहा था। इसी बीच दूसरी तरफ से आ रही एक बाइक में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी में मोनू और सुधीर ने बृजेश की जमकर पिटाई की। शिकायत करने जब उसकी माता संगीता पहुंची, तो उनकी भी पिटाई की गई। संगीता द्वारा इस मामले में मोनू और सुधीर के खिलाफ मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
चश्मदीदों के अनुसार, रविवार की रात दोनों पक्षों की अलग-अलग मीटिंग हो रही थी। कुछ ही देर में रविवार रात करीब 8:00 बजे दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। इस दौरान लाठी-डंडे भी खूब चले। एक पक्ष का आरोप है कि गांव के दबंग और अधिक आबादी वाले लोग पत्थरबाजी और मारपीट कर रहे थे। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मसूरी, वेव सिटी, क्रॉसिंग और मुरादनगर की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विवाद को शांत कराया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एक पक्ष दबंग किस्म का है और आए दिन गांव में अपना वर्चस्व स्थापित करने के उद्देश्य से ऐसी घटनाएं करता है। इसी वजह से उन्होंने सरेराह रात को पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से हमला किया। इस हमले में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कार्यवाहक मसूरी एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि शनिवार को बाइक विवाद में बृजेश और संगीता की पिटाई हुई थी। इसके आधार पर मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार रात करीब 8:00 बजे विवाद फिर भड़का, जिसमें पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से हमले की सूचना मिली। मौके पर पुलिस पहुंचकर विवाद शांत कराया। पुलिस ने 6 नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लोगों की पहचान की जा रही है। किसी भी आरोपी को बक्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें: Sitapur : नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ने एमआरएफ सेंटर का निरीक्षण किया
परेशान न हों, इलाज में मदद करेगी सरकार : मुख्यमंत्री