
Bahraich, Rupaideha : भारत के पड़ोसी देश नेपाल के जिला बांके के नेपालगंज इलाके में आंदोलन अब थम चुका है। आंदोलन समाप्त होने के साथ ही सीमा पर हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। सीमापार यातायात और व्यापारिक गतिविधियां वापस पटरी पर लौटने लगी हैं। आंदोलन के चलते ठप पड़ी आपूर्ति श्रृंखला ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं से लदे मालवाहक ट्रक अब पहले की तरह रूपईडीहा इंडो-नेपाल बॉर्डर (आईसीपी) से होकर नेपालगंज की ओर जाने लगे हैं। स्थानीय व्यापारियों और आम राहगीरों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, भारतीय चार-पहिया वाहनों के नेपाल में प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध अभी बना हुआ है।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आंदोलन के दौरान नेपालगंज स्थित भंसार कार्यालय को नुकसान पहुंचा था। वहां आगजनी की घटना के कारण कामकाज प्रभावित हुआ था। वर्तमान में उसकी मरम्मत और दस्तावेजों के पुनर्गठन का कार्य चल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि एक-दो दिनों में कार्यालय पूरी तरह से व्यवस्थित होकर सामान्य रूप से कार्य करने लगेगा।
सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारतीय सुरक्षा बल भी खासा सतर्क दिखाई दे रहे हैं। एसएसबी और पीएसी के जवान सीमा चौकियों और आसपास के इलाकों में लगातार गश्त कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Ghaziabad : पुलिस की मुठभेड़ में चार बदमाश घायल
Barabanki : अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा, दंपति गंभीर रूप से घायल