Gonda : चोरों ने बर्तन साफ कर रही किशोरी का मुंह दबा कर किया बेहोश, गांव में दहशत का माहौल

Dhanepur, Gonda : थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पृथ्वी पालग्रंट रेहरवा में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब अज्ञात चोरों ने एक व्यवसाई के घर में धावा बोल दिया। घटना रात करीब आठ बजे की है। घर के भीतर से सामान बिखरा मिला और अलमारी व बक्से खंगाले गए। परिजनों के मुताबिक, चोर लाखों के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।

व्यवसाई रामसुंदर राजभर ने बताया कि उनकी बेटी खाना देकर घर के पीछे बर्तन मांज रही थी। तभी घर के अंदर से आवाजें आने पर परिवार के लोग सतर्क हुए। इसी दौरान चोरों ने किशोरी का मुंह दबाकर बेहोश करने की कोशिश की और धारदार चीज से उसे घायल कर दिया। शोर मचने पर चोर पीछे के रास्ते से भाग निकले।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। उन्होंने कहा कि घटना की गहन जांच की जाएगी। ग्रामीणों से अफवाहों से बचने, सतर्क रहने और किसी संदिग्ध को देखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

मौके पर पहुंचे सीओ सदर विनय कुमार सिंह ने भी लोगों से संयम बरतने और कानून अपने हाथ में न लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने रात्रि गश्त बढ़ा दी है और गांव-गांव सुरक्षा समितियां बनाई जाएंगी, ताकि ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई हो सके और अफवाहों पर रोक लगाई जा सके।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें