जो मिला उसमें खुशी, जो गया उसका गम नहीं…अपने 92वें जन्मदिन पर बोले पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार

पालमपुर (कांगड़ा) : स्वामी विवेकानंद के पदचिह्नों पर चलते हुए योग और संतुलित जीवनशैली में विश्वास रखने वाले पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने शुक्रवार को अपना 92वां जन्मदिन मनाया। हमेशा प्रसन्नचित्त और ऊर्जावान दिखने वाले शांता कुमार ने कभी उम्र को अपने जीवन पर हावी नहीं होने दिया। वे अपनी अच्छी सेहत का श्रेय योग और स्वस्थ आहार को देते हैं।

शांता कुमार ज्योतिष और ग्रह-नक्षत्रों में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने बताया कि एक ज्योतिषी ने उनकी उम्र 73 साल बताई थी, लेकिन उन्होंने उस पर ध्यान नहीं दिया। यह बात उन्होंने अपनी पत्नी को भी वर्षों तक नहीं बताई और लगभग 75 साल की उम्र में इसका जिक्र किया।

अपने जन्मदिन से जुड़ा एक किस्सा साझा करते हुए शांता कुमार ने बताया कि 1980 के बाद एक बार वे दिल्ली से मुंबई विमान यात्रा कर रहे थे। संयोग से उस दिन उनका जन्मदिन था। विमान के उड़ान भरने से पहले अनाउंसमेंट हुआ कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार विमान में यात्रा कर रहे हैं और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी जाती हैं। यह सुनकर वे हैरान रह गए थे। उन्हें उपहार स्वरूप एक पेन भी भेंट किया गया।

शांता कुमार का कहना है कि भगवान के आशीर्वाद से उन्हें जीवन में सब कुछ मिला। वे जो मिला उसमें हमेशा संतुष्ट रहे और जो चला गया उसका कभी अफसोस नहीं किया। उन्होंने इच्छा जताई कि भाजपा हिमाचल के साथ पालमपुर में भी विजय हासिल करे।

इस बार शांता कुमार ने प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा को देखते हुए अपना 92वां जन्मदिन सादगी से मनाया। उन्हें बधाई देने के लिए यामिनी परिसर, पालमपुर में प्रदेशभर के नेता पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईमेल के माध्यम से शुभकामनाएं भेजीं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जयराम ठाकुर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, सांसद इंदु गोस्वामी और पूर्व मंत्री रमेश धवाला सहित कई नेताओं ने फोन पर बधाई दी।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, सांसद राजीव भारद्वाज, मुख्यमंत्री के प्रधान आईटी सलाहकार गोकुल बुटेल, भाजपा प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, पूर्व मंत्री रविंद्र रवि, विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक रविंद्र धीमान सहित अनेक नेता, कार्यकर्ता और समर्थक व्यक्तिगत रूप से उनसे मिलने पहुंचे और शुभकामनाएं दीं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें