Shahjahanpur : खुटार में फिर दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में भय का माहौल

Shahjahanpur : खुटार थाना क्षेत्र के सरेली गांव में शुक्रवार सुबह फिर से तेंदुए को खेतों की तरफ टहलते देखा गया। शौच के लिए गए ग्रामीणों ने तेंदुए को देखकर घबराहट में तुरंत घर लौटना ही उचित समझा। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ गन्ने के खेत में डेरा डाले हुए है और शिकार की तलाश में घूम रहा है, लेकिन वन अधिकारी बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं, वनकर्मियों ने गांव पहुंचकर लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की और कहा कि सुबह जल्दी और शाम के समय खेतों में जाने से बचें।

बता दें कि 11 सितंबर को रामचंद्र की पत्नी शशि देवी, पड़ोस की मीरा, छाया और अलका आदि लोगों के साथ गांव के तालाब के पास बकरियां चराने गई थीं। तभी राजेंद्र प्रसाद के गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने उनकी बकरी पर हमला कर उसे मुंह से दबोच लिया और वापस गन्ने के खेत में चला गया। इससे शशि देवी बेहोश हो गईं और परिजन उन्हें घर लेकर चले गए।

रात करीब साढ़े नौ बजे वन दरोगा रोहित कुमार पांडेय और वन रक्षक संतोष गौड़ रामचंद्र के घर पहुंचे, जहां उन्होंने शशि देवी से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। बाद में उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि सुबह जल्दी व रात में खेतों की ओर न जाएं। समूह में जाएं और आवाज करते रहें ताकि आसपास कोई जंगली जानवर हो तो वह दूर चला जाए।

उधर, ग्रामीणों का कहना है कि वन अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पगमार्क ट्रेस नहीं किए, केवल गांव में आकर पूछताछ की और लौट गए। जबकि शुक्रवार सुबह फिर उसी स्थान के पास तेंदुए को देखा गया। ग्रामीणों ने तेंदुए को जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है।

क्या बोले वन दरोगा
इस संबंध में वन दरोगा रोहित कुमार पांडेय ने बताया कि गांव पहुंचकर महिला से घटना की जानकारी ली गई थी। बाद में ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। जहां घटना हुई, वहां आसपास काफी गन्ने के खेत हैं और पास में जंगल भी है। तेंदुआ एक बकरी को ले गया और एक बकरी घायल हुई है। सभी से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री आवास के पास युवक ने जहरीला पदार्थ खाया

Lakhimpur : सहकारी गन्ना विकास समिति अरनीखाना की अरबों की संपत्ति पर संकट

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें