
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” शुरू करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक में संयुक्त रूप से करेंगे। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश से इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे।
रोहतक में मुख्य कार्यक्रम
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) परिसर में विशेष स्वास्थ्य कियोस्क लगाए जाएंगे, जहां महिलाओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच होगी। इसमें उच्च रक्तचाप, कैंसर, एनीमिया और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने निर्देश दिए कि एमडीयू ऑडिटोरियम में एक वरिष्ठ चिकित्सक को समन्वयक बनाया जाए और जिला प्रशासन से वरिष्ठ अधिकारी को तैनात किया जाए।
अभियान की प्रमुख विशेषताएं
- प्रदेशभर के 122 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
- स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र, ईएनटी, दंत चिकित्सा, त्वचा रोग और मानसिक स्वास्थ्य की जांच व परामर्श उपलब्ध होगा।
- प्रत्येक शिविर में 300 मरीजों की जांच का लक्ष्य।
- 75,000 चश्मे निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।
- 75 नए ओबेसिटी क्लिनिक शुरू किए जाएंगे।
- 138 ब्लड बैंकों में 696 रक्तदान शिविर आयोजित होंगे।
- आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में रोजाना 50–100 मरीजों की स्क्रीनिंग।
- 50,000 पौधारोपण और व्यापक स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्रिय भागीदारी
अभियान के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधार, पोषण जागरूकता और निवारक देखभाल पर विशेष फोकस रहेगा। इसके तहत पोषण अभियान, विशेष टीकाकरण सप्ताह और अन्य पूरक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त टी.एल. सत्यप्रकाश, महानिदेशक मोनिका मलिक, स्वास्थ्य सचिव रिपुदमन सिंह ढिल्लों समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े – पंजाब : खडूर साहिब के आप विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा की सजा पर आज फैसला