
Albania AI Minister : अल्बानिया ने नई मिसाल कायम करते हुए अपने सरकारी सिस्टम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल शुरू किया है। यहां प्रधानमंत्री एडी रामा ने अपनी नई कैबिनेट में एक ऐसी मंत्री को शामिल किया है, जो इंसान नहीं बल्कि पूरी तरह डिजिटल है। इस AI मंत्री का नाम है Diella, जिसका अर्थ अल्बानियन भाषा में ‘सूरज’ है।
कौन है AI मंत्री Diella?
Diella कोई नया चेहरा नहीं है। जनवरी 2025 से यह अल्बानिया के सरकारी ऑनलाइन पोर्टल e-Albania पर नागरिकों की मदद कर रही है। यह लगभग 95% सरकारी सेवाओं को आसान बनाने में गाइड का काम कर रही है। लोग वॉइस कमांड के जरिए डॉक्यूमेंट, आवेदन और सरकारी प्रक्रियाओं में Diella की सहायता लेते रहे हैं। अब प्रधानमंत्री रामा ने इसे एक बड़े कदम के रूप में अपनी कैबिनेट में शामिल किया है।

प्रधानमंत्री रामा ने ऐलान किया कि अब Diella पब्लिक प्रोक्योरमेंट (सरकारी टेंडर और ठेके) की देखरेख करेगी। इसका मुख्य उद्देश्य है भ्रष्टाचार को खत्म करना और पारदर्शिता लाना। अल्बानिया लंबे समय से भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों में चर्चा में रहा है। यहां सरकारी टेंडर में गड़बड़ियों और राजनीतिक फेवरिटिज़्म की शिकायतें आम रही हैं।
रामा का कहना है कि अब सरकारी ठेके और टेंडर इंसानों के बजाय AI द्वारा जांचे और मंजूर किए जाएंगे। यानी, कौन-सी कंपनी को ठेका मिलेगा, यह फैसला Diella लेगी, और यह पूरी तरह योग्यता और डेटा पर आधारित होगा, न कि राजनीतिक दबाव पर।
रामा की चौथी सरकार में यह कदम बेहद महत्वाकांक्षी है। उन्होंने कहा, “Diella, हमारी कैबिनेट की पहली सदस्य है, जो भौतिक रूप से मौजूद नहीं है लेकिन वर्चुअली हर जगह है।” उन्होंने इसे “सरकारी ठेकों की सेवक” बताया। e-Albania पर Diella पारंपरिक अल्बानियन परिधान में नजर आती है, जो तकनीक और संस्कृति का मेल दर्शाता है।
क्या AI से भ्रष्टाचार खत्म होगा?
यह कदम बहुत ही ambitious है, लेकिन क्या AI सच में भ्रष्टाचार को मिटा पाएगा? विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह प्रयोग सफल रहा, तो यह दूसरे देशों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है। लेकिन यदि सिस्टम में खामियां रहीं, तो यह एक फ्लैशी प्रयोग ही रह जाएगा।
स्थानीय मीडिया ने इसे एक बड़े बदलाव के रूप में देखा है, और माना है कि सरकार अब टेक्नोलॉजी को सिर्फ टूल नहीं, बल्कि गवर्नेंस का सक्रिय भागीदार बना रही है। जनता में भी उत्सुकता है कि क्या इससे रिश्वतखोरी और दलाली खत्म हो पाएगी।
यह कदम तकनीक के प्रयोग का एक अनूठा उदाहरण है, जो भविष्य में सरकार की कार्यप्रणाली में बदलाव ला सकता है।
यह भी पढ़े : मेरठ में मुजरे की आड़ में जिस्मफरोशी का धंधा! कोठे पर देह व्यापार करते मिली महिलाएं व बच्चियां, पास में ही है चौकी