
चंडीगढ़ । पंजाब से नेपाल यात्रा पर गए 92 श्रद्धालुओं का जत्था वहां फंस गया है। नेपाल में हिंसक घटनाओं के बीच पंजाब सरकार ने इन यात्रियों की वापसी के लिए केंद्र व नेपाल सरकार से संपर्क किया है। माना जा रहा है कि गुरुवार देरशाम या शुक्रवार तक
पंजाब के यह श्रद्धालु भारतीय सीमा में प्रवेश कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं का एक यह जत्था अमृतसर से 3 सितंबर को रवाना हाेकर 5 सितंबर को बॉर्डर पार कर जनकपुर धाम पहुंचा था। वहां से 6 सितंबर को काठमांडू और उसके बाद पोखरा गया। श्रद्धालुओं के भ्रमण के दाैरान 8 सितंबर से नेपाल में हालात अचानक खराब होने शुरू हो गए। इसके बाद जत्था लगातार सुरक्षित वापसी का रास्ता तलाशता रहा है। नेपाल में बिगड़े हालात के बीच जत्थे ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात के समय सफर करने का निर्णय लिया।
नेपाल में गए श्रद्धालुओं का नेतृत्व रिंकू बटवाल ने एक वीडियो शेयर कर बताया कि 9 सितंबर वे सभी पोखरा में थे। सड़कों पर तनाव और कर्फ्यू का माहौल था। जिसके बाद वे 9-10 सितंबर की रात को नेपाल बॉर्डर की तरफ निकले। रातभर के सफर के बाद जत्था 10 सितंबर को नेपाल-भारत सीमा पर स्थित भैरहवा (भैरवा) बॉर्डर तक पहुंच गया। यहां फिलहाल यात्रियों को रोका गया है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अभी तक जत्थे को भारतीय सीमा में दाखिल होने की अनुमति नहीं मिली है।