
लखीमपुर खीरी के नकहा ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत गांव केवलपुरवा में पूर्व प्रधान प्रकाश चंद्र उर्फ मोतीलाल पर हमला करने वाली हिंसक मादा तेंदुआ आखिरकार वन विभाग की पकड़ में आ गई। बीती रात शारदा नगर रेंज के रेंजर अभय कुमार मल्ल के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान में टीम ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुआ को पिंजरे में कैद करने में सफलता हासिल की। तेंदुआ के साथ उसके दो मासूम शावक भी पकड़े गए हैं।
बुधवार की सुबह पूर्व प्रधान प्रकाश चंद्र अपने खेत देखने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकली मादा तेंदुआ ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बचाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नकहा में भर्ती कराया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बीती रात टीम ने गांव के पास खेतों और बागान क्षेत्र में घेराबंदी कर पिंजरा लगाया। पांच घंटे तक लगातार निगरानी के बाद आखिरकार मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गई। उसके साथ दो छोटे-छोटे शावक भी थे।
रेंजर अभय कुमार मल्ल ने बताया कि तेंदुआ और उसके शावकों को सुरक्षित पकड़ा गया है। फिलहाल उन्हें वन विभाग की देखरेख में रखा गया है और जल्द ही इन्हें सुरक्षित वन क्षेत्र में शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि ऐसे हालात में घबराएं नहीं और तुरंत विभाग को सूचना दें।
ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
लगातार दो दिन से गांव के लोग भयभीत थे। खेतों में काम करना तो दूर, लोग घर से निकलने तक से परहेज कर रहे थे। तेंदुआ के पकड़े जाने की खबर सुनते ही पूरे गांव में राहत की सांस ली गई। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम का आभार जताया।
यह भी पढ़े : नेपाल में अंतरिम सरकार की प्रमुख हो सकती हैं पूर्व प्रधान न्यायाधीश सुशीला कार्की