
कानपुर : बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार, अरशद वारसी और सौरभ शुक्ला शुक्रवार को कानपुर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी अपकमिंग फिल्म जॉली एलएलबी-3 का ट्रेलर लॉन्च किया। यह कार्यक्रम रेव मॉल में आयोजित हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में फैंस शामिल हुए।
अक्षय कुमार इस दौरान कनपुरिया अंदाज में नजर आए। उन्होंने गले में बड़ा गमछा डाला हुआ था। वहीं, अरशद वारसी वकील की ड्रेस में पहुंचे और सौरभ शुक्ला फॉर्मल लुक में दिखाई दिए।
फैंस का क्रेज और अक्षय का अंदाज

अक्षय-अरशद ने फैंस के बीच से एंट्री की। जैसे ही अक्षय मंच पर पहुंचे, भीड़ ने “लव यू-लव यू” के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर अक्षय ने मजाकिया अंदाज में कहा—“थोड़ा वेट कीजिए, मैं आपके पास आ रहा हूं।”
इसके बाद उन्होंने कानपुर के मशहूर ठग्गू के लड्डू खुद फैंस को बांटे। फैंस के लिए उन्होंने यह भी संदेश दिया—“गुटखा खाना बुरी बात है।”
कार्यक्रम में करीब 5000 से अधिक फैंस मौजूद रहे। अक्षय के आने से पहले फैंस ने बाइक रैली निकाली और जॉली स्टाइल में पान भी बांटा गया।
महिला वकील ने सराहा फिल्म का टॉपिक
ट्रेलर लॉन्च में पहुंचीं महिला वकील पायल ने कहा—“फिल्म का मुद्दा बेहद अहम है। इससे समाज में जागरूकता आएगी।”
मंच पर मौजूद कुछ लड़कियां जब अक्षय का नाम लेकर जोर-जोर से चिल्लाने लगीं तो अक्षय ने हंसते हुए कहा—“बैठ जाओ, पहले ट्रेलर देख लो।”
ट्रेलर की झलक
3 मिनट 5 सेकेंड के इस ट्रेलर की कहानी किसानों की जमीन पर जबरन कब्जे की घटनाओं पर आधारित है।
- शुरुआत में पुलिस और किसानों के बीच मुठभेड़ दिखाई गई है।
- इसके बाद अक्षय कुमार उर्फ जॉली मिश्रा की एंट्री होती है।
- ट्रेलर में दिखाया गया है कि एक तरफ जहां अक्षय का किरदार बिजनेसमैन की तरफ से किसानों की जमीन हड़पने का केस लड़ता है, वहीं अरशद वारसी उर्फ जॉली त्यागी किसानों का पक्ष लेकर उनके हक की लड़ाई लड़ते हैं।

फिल्म की रिलीज और कास्ट
- फिल्म 19 सितंबर को रिलीज होगी।
- अक्षय कुमार कानपुर के वकील जॉली मिश्रा की भूमिका में हैं।
- अरशद वारसी मेरठ के वकील जॉली त्यागी का किरदार निभा रहे हैं।
- सौरभ शुक्ला जज की भूमिका में दिखाई देंगे।
- फिल्म में हुमा कुरैशी, अमृता राव और अन्नू कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं।
- फिल्म का लेखन और निर्देशन सुभाष कपूर ने किया है।
सीरीज का सफर
- जॉली एलएलबी का पहला पार्ट 2013 में आया था, जिसमें अरशद वारसी, बोमन ईरानी और सौरभ शुक्ला नजर आए थे।
- 2017 में आए जॉली एलएलबी-2 में अक्षय कुमार और हुमा कुरैशी मुख्य भूमिका में थे।
- अब सीरीज का तीसरा भाग लेकर टीम फिर दर्शकों के सामने है।
ये भी पढे़ – सलमान खान की सुरक्षा पर सख्ती, बिग बॉस सेट पर बंद हुई लाइव ऑडियंस की एंट्री