फीफा वर्ल्ड कप 2026 क्वालिफायर्स : रोनाल्डो ने की सर्वाधिक गोल के रिकॉर्ड की बराबरी, हंगरी को हराकर पुर्तगाल शीर्ष पर

बुडापेस्ट। पुर्तगाल ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 क्वालिफायर्स में मंगलवार रात रोमांचक मुकाबले में हंगरी को 3-2 से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

मैनचेस्टर सिटी के जोआओ कैंसिलो ने बॉक्स के किनारे से शानदार गोल दागते हुए विजयी गोल किया। वहीं, स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भी गोल कर विश्व कप क्वालिफाइंग में सर्वाधिक गोल करने का संयुक्त रिकॉर्ड अपने नाम किया।

रोबर्टो मार्टिनेज की टीम ने शुरुआती दो मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज की है। इससे पहले उसने आर्मेनिया को 5-0 से हराया था। पुर्तगाल अब ग्रुप एफ में छह अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि आर्मेनिया तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

हालांकि मुकाबले की शुरुआत हंगरी के पक्ष में रही। फरेंकवारोस क्लब के स्ट्राइकर बारनाबास वार्गा ने जोल्ट नागी के क्रॉस पर हेडर लगाकर गोल किया और मेजबान टीम को बढ़त दिलाई।

पहले हाफ में हंगरी के गोलकीपर बालाज तोथ ने रोनाल्डो की नजदीकी दूरी से लगाई शॉट को शानदार तरीके से रोक दिया। लेकिन छह मिनट बाद मैनचेस्टर सिटी के मिडफील्डर बर्नार्डो सिल्वा ने मौका पाकर गोल दाग दिया और स्कोर 1-1 कर दिया।

दूसरे हाफ में 58वें मिनट में रोनाल्डो ने पेनाल्टी पर गोल कर पुर्तगाल को 2-1 से आगे कर दिया। यह गोल उनके विश्व कप क्वालिफाइंग करियर का 39वां गोल था, जिससे वह ग्वाटेमाला के पूर्व स्टार कार्लोस रूइज के रिकॉर्ड की बराबरी पर पहुंच गए।

84वें मिनट में वार्गा ने एक और हेडर लगाकर हंगरी को बराबरी पर ला दिया। लेकिन सिर्फ दो मिनट बाद पुर्तगाल ने गेंद छीनकर तेजी से हमला किया और कैंसिलो ने निर्णायक गोल दागकर टीम को 3-2 से जीत दिला दी।

हंगरी 1986 के बाद से विश्व कप में क्वालिफाई नहीं कर पाया है और पुर्तगाल के खिलाफ अब तक एक भी जीत दर्ज नहीं कर सका है।

यह भी पढ़ें: रोज वर्दी का झाड़ती थी रौब! कस्टम की ‘फर्जी अधिकारी’ गिरफ्तार, पूछताछ में खुले राज

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें