
Sitapur : खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत सीतापुर जिले में 1 अक्टूबर, 2025 से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सीधे किसानों से धान की खरीद शुरू होगी। इस वर्ष, कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹69 की वृद्धि के साथ ₹2369 प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का मूल्य ₹2389 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
जिले में 117 धान क्रय केंद्र स्वीकृत
किसानों की सुविधा के लिए जिले में कुल 117 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों को विभिन्न एजेंसियों द्वारा संचालित किया जाएगा, जिसमें खाद्य विभाग के 27 केंद्र, पी.सी.एफ. के 44 केंद्र, पी.सी.यू. के 35 केंद्र, यू.पी.एस.एस. के 8 केंद्र, भा.खा.नि. के 2 केंद्र और मंडी समिति का 1 केंद्र शामिल है।
किसान को पंजीकरण कराना अनिवार्य
जिला खाद्य विपणन अधिकारी रत्नेश शुक्ला ने किसानों से अपील की है कि धान बेचने के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य है। किसान जारी की गई वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। अब तक जिले में 26 किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। किसानों से अनुरोध है कि वे बिना किसी देरी के अपना पंजीकरण कराएं, ताकि धान बेचने में उन्हें किसी भी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।
ये भी पढ़ें: Maharajganj : प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में लापरवाही उजागर,करोड़ों की परियोजना पर भ्रष्टाचार के साए