
उज्जैन : इंदौर के कलेक्टर आशीष सिंह को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह संभाग उज्जैन का नया संभागायुक्त नियुक्त किया गया है। उन्हें पहले ही 2028 में होने वाले सिंहस्थ मेले का मेला अधिकारी बनाया जा चुका है। अब उन्हें इस अतिरिक्त प्रभार के साथ उज्जैन संभाग का नेतृत्व भी सौंपा गया है।
कुछ दिन पहले जब उन्होंने सिंहस्थ मेला अधिकारी का कार्यभार संभाला था, तब उन्होंने श्री महाकाल मंदिर, श्री चिंतामन गणेश मंदिर, श्री कालभैरव मंदिर और श्री हरसिद्धि माता मंदिर का दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2028 के सिंहस्थ महापर्व में श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए विकास कार्य समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे। उनका उद्देश्य सिंहस्थ के माध्यम से उज्जैन और मध्यप्रदेश का नाम विश्व स्तर पर स्थापित करना है।
उज्जैन के पूर्व कलेक्टर और वर्तमान इंदौर जिलाधीश आशीष सिंह को महाकाल की नगरी की गहरी समझ है। उन्होंने उज्जैन के राजनीतिक समीकरणों, लोगों की मानसिकता और शहर के विकास कार्यों को विस्तार से परखा है। महाकाल मंदिर से जुड़े व्यवस्थाओं और सनातन आस्था से जुड़े कठिन निर्णयों के शिल्पकार रहे आशीष सिंह अपने कार्यकाल में इन चुनौतियों में सफल रहे हैं। स्पष्ट सोच, व्यावहारिक दृष्टिकोण और निर्णायक क्षमता के लिए जाने जाने वाले आशीष सिंह को 2028 के सिंहस्थ कुंभ की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाला माना जा रहा है।