
Maharajganj : पुलिस की निष्क्रियता ने अराजक तत्वों का हौसला बढ़ा दिया। जनपद के अति संवेदनशील श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के हरपुर तिवारी में शुक्रवार को बारावफात के जुलूस के दौरान तिरंगे से छेड़छाड़ की गई। जुलूस में शामिल बाइक सवार युवक ने तिरंगे में अशोक चक्र को हटाकर उसमें उर्दू शब्द लिखकर उसे लहराते हुए घूमते रहे।
जनपद में उक्त घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। जबकि बारावफात के एक दिन पहले देर शाम जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा दलबल के साथ परतावल चौराहे पर फ्लैग मार्च कर स्पष्ट रूप से कह चुके थे कि कहीं से कोई भी शरारत होगी, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके बावजूद बारावफात जुलूस के बीच खुलेआम राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से छेड़छाड़ कर उसे लहराते हुए चौराहों पर घूमते रहे। ऐसा प्रतीत हुआ कि उनके अंदर पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा। इसे स्थानीय पुलिस की शिथिलता कहें या कुछ और, वह तो वही जाने। लेकिन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनपदवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
जनपदवासियों का कहना है कि हमारे देश की आन, बान, शान का प्रतीक राष्ट्रध्वज का अपमान हो रहा था, और उस दौरान पुलिस प्रशासन कहां था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस की टीम जांच-पड़ताल में जुट गई है।
इसके अलावा शुक्रवार को बारावफात के दिन परतावल मुख्य चौराहे पर जुलूस के दौरान कुछ मुस्लिम युवकों ने रिल बनाने शुरू कर दिए। इसी बीच उन्होंने चौराहे पर जाम की स्थिति पैदा कर दी। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रास्ता खाली करने और जाम हटाने को कहा, तो युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गए। पुलिस और युवकों के बीच कहासुनी के बाद हल्की धक्का-मुक्की हुई। विवाद बढ़ता देख वहां और पुलिसकर्मी पहुंचे और इसके बाद युवकों को हटाकर यातायात संचालन ठीक कराया गया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: बिहार के ज्योतिषी ने दी थी मुंबई को बम से उड़ाने की धमकी, नोएडा से गिरफ्तार
Amethi : पुलिस बता रही दुर्घटना में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप