
घुघली, महराजगंज : नगर पंचायत घुघली के सफाई कर्मचारियों ने उत्पीड़न, जातिगत भेदभाव एवं छुआछूत को लेकर चेयरमैन संतोष कुमार जायसवाल के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। सफाई कर्मचारियों ने घुघली थाना में चेयरमैन के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कार्रवाई हेतु थानाध्यक्ष को दिए गए नगर पंचायत घुघली के 28 सफाई कर्मचारियों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र में चेयरमैन पर आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत के चेयरमैन संतोष कुमार जायसवाल एवं उनके आदमियों द्वारा सफाई कर्मचारियों को आए दिन नीच और दलित जैसे अपशब्द कहकर जातिगत भेदभाव किया जाता है। इतना ही नहीं, छुआछूत की मानसिकता से सफाई कर्मचारियों को कार्यालय में न तो आने दिया जाता है और न ही हाजिरी लगाने दी जाती है।
प्रार्थना पत्र में सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि चेयरमैन कार्यालय के अंदर जो नल है, उसके पानी को न तो सफाई कर्मचारियों को छूने दिया जाता है और न ही पीने दिया जाता है। विरोध करने पर चेयरमैन संतोष जायसवाल सफाई कर्मचारियों को नौकरी से निकालने और जान से मरवा देने की धमकी देते हैं। उनके इस कार्य व्यवहार से सफाई कर्मचारी आहत हैं।
प्रार्थना पत्र पर उमेश कन्नौजिया, श्रीराम प्रसाद, विनोद, सुनील, अर्जुन, मोहन, बृजेश, सूरज, अजित, सुभाष, रामकेवल एवं राजेश सहित 28 सफाई कर्मचारियों के हस्ताक्षर हैं।
इस संबंध में घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की जानकारी सदर उपजिलाधिकारी को दे दी गई है। मामले की जांच चल रही है। जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में नगर पंचायत घुघली के चेयरमैन संतोष कुमार जायसवाल ने कहा कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप असत्य और निराधार हैं। सफाई नायक उमेश कन्नौजिया की यह सब साजिश है। वह कर्मचारियों से पैसा वसूल रहा था।