
Jharkhand Naxal Encounter : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के श्रीकेदाल जंगल में बुधवार की देर रात पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस संघर्ष में पलामू पुलिस के दो बहादुर जवान, सुनील राम और संतन मेहता, शहीद हो गए, जबकि जिला पुलिस बल का जवान रोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल जवान का इलाज मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उसकी जान बचाने का प्रयास कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीकेदाल जंगल में नक्सलियों का जमावड़ा है और वे किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही जिला पुलिस बल ने विशेष अभियान चलाया। जैसे ही पुलिस टीम जंगल में दाखिल हुई, नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों ओर गोलीबारी हुई। इस मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए और एक जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
पुलिस को संदेह है कि नक्सलियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है, और उनके कई सदस्य घायल या मारे गए हैं। हालांकि, अभी तक नक्सलियों का शव बरामद नहीं हुआ है। पूरे इलाके में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पलामू की पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन मौके पर पहुंचीं और निरंतर स्थिति का जायजा ले रही हैं। वह अस्पताल भी पहुंचीं और घायल जवान के इलाज की व्यवस्था का निरीक्षण किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम, जिसमें डॉ. सुशील पांडेय और डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ शामिल हैं, घायल जवान का ऑपरेशन कर रही है।
शहीद जवानों के परिजन अत्यंत शोकग्रस्त हैं। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। एसपी, एसडीपीओ सहित पुलिस उच्चाधिकारियों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।
पलामू एसपी रिष्मा रमेशन ने कहा कि, “टीएसपीसी नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें हमारे दो जवान शहीद हो गए हैं और एक गंभीर रूप से घायल है। अभियान जारी है और नक्सलियों की घेराबंदी की जा रही है।”
बता दें कि जिस क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई है, उसे शशिकांत गंझू का गढ़ माना जाता है। यह क्षेत्र से ही वह पलामू और चतरा जिलों में नक्सली गतिविधियों का संचालन करता रहा है। पुलिस को आशंका है कि गंझू का दस्ता अभी भी इलाके में सक्रिय है और मुठभेड़ के बाद जंगल की ओर भाग निकला है।
यह भी पढ़े : Private Job Rules : अब प्राइवेट नौकरी में करना होगा 10 घंटे काम, इस राज्य में लागू हुआ नया नियम