
Shahjahanpur : जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर संजय पाण्डेय, अधिशासी अभियंता शारदा नहर सुनील भास्कर सहित अन्य अधिकारियों के साथ खन्नौत नदी के हनुमत धाम एवं गर्रा नदी के अजीजगंज, राई खेड़ा तटबंध पर जाकर बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर को गर्रा पुल, अजीजगंज और राई खेड़ा आदि स्थानों से देखा तथा बढ़ते जल के दृष्टिगत आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बाढ़ प्रभारी अधिकारी ने बताया कि बुधवार दोपहर 12:00 बजे अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का जलस्तर 147.600 मीटर और लोदीपुर पुल पर खन्नौत नदी का जलस्तर 144.700 मीटर रिकॉर्ड किया गया।
जनपद शाहजहाँपुर में कठना नदी 17,000 क्यूसेक डिस्चार्ज के साथ गर्रा नदी में मिल रही है। मंगलवार और बुधवार की रात में दियूनी बैराज से 6 घंटे में 54,120 क्यूसेक पानी गर्रा नदी में छोड़ा गया। बुधवार सुबह 11:00 बजे दियूनी बैराज से गर्रा नदी में 48,058 क्यूसेक पानी पास हो रहा है।
इस पानी का प्रभाव 6 सितंबर तक जनपद शाहजहाँपुर में देखने को मिल सकता है, जिससे गर्रा नदी का जलस्तर लगभग खतरे के निशान 148.800 मीटर तक पहुंचने की संभावना है। वर्तमान जलस्तर 147.600 मीटर से लगभग 4 फीट बढ़ सकता है। इसके अतिरिक्त, खन्नौत नदी के कैचमेंट एरिया में वर्षा होने के कारण लोदीपुर पुल पर भी खन्नौत नदी का जलस्तर लगभग खतरे के निशान 145.750 मीटर तक पहुंच सकता है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तैयारियां पूर्ण रहें। बाढ़ में बचाव और राहत की सभी टीमें सक्रिय रहें और प्रभावित लोगों को सतर्क किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए। सभी राहत टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहें और बढ़ते जल स्तर की जानकारी जन सामान्य तक पहुंचाएं। जिलाधिकारी ने प्रभावित लोगों से राहत शिविरों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।
बाढ़ से संबंधित किसी भी आपात स्थिति में संपर्क करें:
बाढ़ नियंत्रण कक्ष (Flood Control Room) नंबर – 05842-351037, 05842-351038, 05842-462754, 05842-220018
टोल फ्री नं. 1077 (24×7 उपलब्ध)
ये भी पढ़ें: झांसी : छह थाना प्रभारी के कार्यक्षेत्र बदले