Delhi Flood : 206.86 मीटर पहुंचा यमुना का जलस्तर, लोहा पुल से ट्रेनों की आवाजाही भी बंद

Delhi Flood : दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पुराना लोहा पुल बंद कर दिया गया है। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच जाने के कारण ट्रेनों और वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। पुल के बंद होने से यातायात को डायवर्ट किया गया है, जिससे शास्त्री पार्क और गांधी नगर रोड पर यातायात का दबाव बढ़ गया है।

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार सुबह 7 बजे तक यमुना का जलस्तर 206.86 मीटर पहुंच गया है, जिससे खादर में पानी फैलने लगा है। पुराना उस्मानपुर गांव और गढ़ी मांडू गांव के आसपास भी पानी पहुंच गया है। सुरक्षा के मद्देनजर यमुना के लोहा पुल से ट्रेनों की आवाजाही भी बंद कर दी गई है।

इससे पहले, मंगलवार शाम को यमुना का जलस्तर 206 मीटर से ऊपर पहुंचने पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। वहीं, आज सुबह 6:30 बजे से ट्रेन परिचालन भी स्थगित कर दिया गया है। उम्मीद है कि यमुना का जलस्तर आज रात तक कम होने लगेगा। पुराना लोहा पुल बंद होने के कारण यातायात को डायवर्ट किया गया है

यमुना का जलस्तर 206 मीटर से अधिक पहुंचने पर मंगलवार दोपहर शाहदरा जिला प्रशासन ने पुराना लोहा पुल वाहनों के लिए बंद कर दिया। दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगाकर पुल को बंद कर दिया है।

इसके साथ ही पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात कर दिया गया है। पुल के बंद होने के कारण शास्त्री पार्क पुश्ता रोड और गांधी नगर रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।

पुल के अंदर गोशाला की 400 गायों को छोड़ दिया गया है। पुलिस ने पुल बंद करने से पहले वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। दोपहर 3:45 बजे पुलिस ने पुल को बंद किया।

वाहन चालकों को हिदायत दी गई है कि गांधी नगर से पुरानी दिल्ली जाने वाले वाहन गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से होकर जाएं, और यमुना बाजार के पुराना हनुमान मंदिर से यमुनापार की दिशा में जाने वाले वाहन कश्मीरी गेट होते हुए शाहदरा जीटी रोड से जाएं।

गांधी नगर के पास डीडीए की जमीन पर अवैध गोशाला बनी हुई है, जिसमें पानी भरने के कारण सभी गायों को वहां से निकाला गया है। प्रशासन का कहना है कि इतनी गायों को सड़कों पर छोड़ना संभव नहीं है, इसलिए उन्हें पुल के अंदर छोड़ दिया गया है। वहां गोशाला के कर्मचारी इन गायों को चारा देंगे।

यह भी पढ़े : महिला पत्रकार के सवाल पर कांग्रेस विधायक ने कहा- ‘हम आपकी डिलीवरी कहीं और करवाएंगे…’

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें