
भास्कर ब्यूरो
Chowk Bazar, Maharajganj : नगर पंचायत चौक में सोमवार को हुई तीन पोखरियों की नीलामी में इस बार दिग्विजयनगर की पोखरी सबसे महंगी साबित हुई। करीब एक एकड़ 70 डिसमिल क्षेत्रफल वाली इस पोखरी के लिए चार दावेदारों ने बोली लगाई। अंततः विजय कुमार साहनी ने 85 लाख 3 हजार रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर दस वर्षों के लिए पट्टा हासिल किया। वहीं आंबेडकर नगर की पोखरी 4 लाख 15 हजार रुपये में अरविंद साहनी के नाम हुई, जबकि शिवाजी नगर की पोखरी 1 लाख 55 हजार 500 रुपये की बोली पर सुषमा सदन पांडेय को मिली। नीलामी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और प्रशासनिक निगरानी में संपन्न हुई। इस दौरान नगर पंचायत चौक की अध्यक्षा संगीता देवी, अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश, नायब तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी और सभासद मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि नीलामी से नगर पंचायत को बड़ी आमदनी होगी, जो आने वाले समय में विकास कार्यों के लिए सहायक साबित होगी। खासतौर पर दिग्विजयनगर की पोखरी पर लगी रिकॉर्डतोड़ बोली इस बार चर्चा का बड़ा विषय रही।











