
देहरादून : प्रदेश की प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए इस वर्ष 13 साहसी और प्रेरणादायी महिलाओं का चयन किया गया है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने जानकारी देते हुए बताया कि इन पुरस्कारों का वितरण 4 सितंबर को आईआरडीटी सभागार में आयोजित समारोह में किया जाएगा।
इसके साथ ही राज्य भर से 33 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा, “हमारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अपनी सीमाओं से आगे बढ़कर कार्य कर रही हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। सरकार का यह दायित्व है कि ऐसी महिलाओं को सम्मानित कर उन्हें और सशक्त बनाए। इसमें हम किसी भी स्तर पर पीछे नहीं हटेंगे।”
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई जाएगी। पुरस्कार पाने वाली महिलाएं राज्य में प्रेरणा का स्रोत बनेंगी और अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने का संदेश देंगी।