
Gautam Budha Nagar : यमुना नदी मे लगातार बढ़ रहे जलस्तर से गौतम बुद्ध नगर के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को नदी किनारे से सुरक्षित जगह पर जाने की अपील की है।
मंगलवार को जिला प्रशासन ने भी डूब क्षेत्र में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया। सोमवार की देर रात को यमुना का जलस्तर बढ़ने से पानी डूब क्षेत्र में पहुंच गया है। जिला प्रशासन के मुताबिक डूब क्षेत्र में 6 फीट तक पानी भर गया है। नदी किनारे बने अवैध फार्म हाउसों में भी पानी घुस गया है। लोगों ने बाहर आकर पुश्ता पर शरण ली है। वहीं प्रशासन ने चेतावनी जारी कर लोगों को डूब क्षेत्र से बाहर निकलकर सुरक्षित जगह पर पहुंच जाने को कहा है।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम 4 बजे तक ओखला बैराज पर यमुना का जल स्तर खतरे के निशान के खासे करीब रहा था। जबकि खतरे का स्तर 200.60 मीटर है। ओखला बैराज के सभी गेट को खोल दिया गया है।
सोमवार को हथिनीकुंड से 3,29,313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जो मंगलवार सुबह से दिल्ली व आसपास के क्षेत्र में पहुंचने लगा। जलस्तर बढ़ने से यमुना का डूब क्षेत्र के और प्रभावित होने की आशंका है।
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों ने यमुना नदी के डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बाहर निकलने की अपील की है। बाढ़ की चेतावनी देकर लोगों को पशुओं के साथ सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए बोला गया है। ताकि बाढ़ में अनहोनी से बचा जा सके। हिंडन और कई नालों का विलय यमुना नदी में हो रहा है।
यमुना का जलस्तर बढ़ने से हिंडन और नालों का पानी बैक मार सकता है। जिससे शहर में भी पानी आने की आशंका है। वर्ष 2023 में भी पुश्ता के दूसरे तरफ कई सोसाइटियों के बाहर पानी भर गया था। अधिकारी सभी जगह पर लगातार नजर रख रहे हैं। यमुना नदी के डूब क्षेत्र में बड़ी तादाद में अवैध फार्म हाउस बने हैं।
नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा तक फार्म हाउस बने है। जहां पर बड़ी संख्या में लोग रह रहे हैं। इनमें फार्म हाउसों का रखरखाव करने वाले शामिल हैं। साथ ही कुछ गौशाला भी बनी हैं। बाढ़ से इन सभी को नुकसान पहुंचेगा। ऐसे में प्रशासन पशुओं को भी निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा रहा है। यमुना नदी का डूब क्षेत्र सदर और जेवर तहसील क्षेत्र में आता है।
एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता ने कहा कि डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। उनको नोटिस भेजा जा रहा है। अब तक काफी लोगों को नोटिस भेज दिया गया है। जिसमें कहा गया है कि वो तत्काल डूब क्षेत्र को छोड़कर बाहर निकल जाए। जरुरी सामान व पशुओं को लेकर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है।
यह भी पढ़े : झाँसी : भेल चौकी इंचार्ज सहित चार पुलिसकर्मी निलंबित, नए अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी