
हम बचपन से सुनते आए हैं – “पेट ठीक तो शरीर स्वस्थ।” यानी अगर पाचन तंत्र ठीक है, तो शरीर भी फिट और मजबूत रहेगा। लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में क्या हम सच में अपने पाचन स्वास्थ्य पर ध्यान दे रहे हैं?
क्यों बढ़ रही हैं पेट की समस्याएं?
आज हर घर में कोई न कोई व्यक्ति गैस, एसिडिटी, कब्ज, डायरिया या पेट दर्द जैसी समस्या से जूझ रहा है। गलत खानपान, फास्ट फूड, मसालेदार आहार, तनाव, नींद की कमी और बैठकर रहने की आदतें इस परेशानी की सबसे बड़ी वजह हैं। अगर लंबे समय तक इन्हें नज़रअंदाज किया जाए तो अल्सर, फैटी लिवर, इरिटेबल बाउल सिंड्रोम और यहां तक कि कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है।
विशेषज्ञ बताते हैं कि पाचन तंत्र सीधा हमारी इम्यूनिटी, मानसिक स्वास्थ्य और हृदय से जुड़ा होता है। इसलिए आंतों की देखभाल सबसे जरूरी है।
7 जरूरी टिप्स
आंतों और पाचन स्वास्थ्य को मजबूत रखने के लिए डॉ. सौरभ सेठी ने सात बेहद कारगर सुझाव दिए हैं:
- हल्के हरे केले खाएं – इनमें रेसिस्टेंट स्टार्च ज्यादा होता है, जो आंतों के गुड बैक्टीरिया को पोषण देता है। यह ब्लड शुगर भी नियंत्रित रखता है।
- औषधीय मसाले शामिल करें – हल्दी, अदरक और सौंफ पाचन सुधारने और इंफ्लेमेशन घटाने में मददगार हैं।
- तनाव से दूरी बनाएं – ज्यादा तनाव आंतों की सेहत बिगाड़ता है और कब्ज, पेट फूलने जैसी समस्याएं बढ़ा देता है।
- फर्मेंटेड फूड्स खाएं – दही, किमची जैसे खाद्य पदार्थ आंतों में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं, जिससे इम्युनिटी और मानसिक स्वास्थ्य दोनों बेहतर होते हैं।
- ब्लूबेरी और अनार का सेवन करें – ये एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर हैं और ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस कम करके आंतों की सेहत को मजबूत करते हैं।
- पानी और फाइबर पर ध्यान दें – खूब पानी पिएं और फाइबर युक्त आहार लें, ताकि शौच साफ और आसान हो। दिन में 1-3 बार शौच जाना सामान्य माना जाता है।
- आंतें और मूड कनेक्शन – 90% सेरोटोनिन (हैप्पी हार्मोन) आंतों में बनता है। यानी अगर पाचन ठीक है तो आपका मूड भी बेहतर रहेगा।