
पडरौना, कुशीनगर। जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा हरदो में शुक्रवार की रात एक यादव परिवार के चार सदस्यों ने खेत मे पशु चराने से मना करने पर उपजे विवाद में आरएसएस के सह जिला संघचालक इंद्रजीत सिंह के बेटे उत्कर्ष सिंह सिंह की धारदार हथियारों से हमला कर नृशंस हत्या कर दी।
मजे की बात यह रही कि घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने के बाद भी सभी हत्याभियुक्त मौके पर मौजूद रहे। घटना की सूचना पर देर रात एसपी संतोष कुमार मिश्र व सदर विधायक मनीष जायसवाल घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड के तीन आरोपी हिरासत में लिए गए हैं, जबकि एक आरोपी फरार है।

जानकारी के अनुसार आरएसएस के जिला सह संघ चालक इंद्रजीत सिंह शुक्रवार की शाम को कसया गए थे। इस दौरान गांव के किसी व्यक्ति ने इनके पुत्र उत्कर्ष सिंह उम्र 40 वर्ष को बताया कि उनके खेत में कुछ लोग पशु चरा रहे हैं। इस सूचना पर उत्कर्ष अपने खेत मे पशु चराने से मना करने के लिए खेत के पास गए। वहां देखा कि गांव के ही कन्हई यादव के पुत्र सच्चिदानंद, श्रीनिवास, ज्ञान व देवेंद्र यादव खड़े होकर पशु चरा रहे हैं। इसका विरोध करने पर गाली गलौज के मारपीट शुरू ही गयी।
इसी दरम्यान हमलावरों ने धारदार हथियार से उत्कर्ष सिंह पर हमला बोलकर मार डाला। इतना ही नहीं उत्कर्ष के दोनों आंख व कान भी काट लिए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ सदर अजय कुमार सिंह व एसएचओ कुबेरस्थान इंस्पेक्टर अश्विनी राय ने गंभीर रूप से घायल उत्कर्ष को जिला अस्पताल रविन्द्र नगर भेजा, किन्तु डाक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर देर रात एसपी संतोष कुमार मिश्र भी घटनास्थल पर पहुंचे और विधिवत जायजा लिया। इस संबंध में एसपी श्री मिश्र ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी फरार है। जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़े : वोटर अधिकार यात्रा में पहुंचे अखिलेश यादव, कहा- ‘अवध ने बीजेपी को हटाया अब मगध भी हटाएगा’










