
- कलाकारों ने प्रस्तुत किए मनमोहक नृत्य व गीत
बांदा। गणेश महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। कलाकारों ने मनमोहक नृत्य व गीत प्रस्तुत करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे समय दर्शकों की तालियों की गडगड़ाहट से पूरा पंडाल गूंज उठा।
शहर के शास्त्री नगर स्थित गणेश भवन में चल रहे गणेश महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को महोत्सव की शुरुआत गणेश भवन में विराजमान गणेश की प्रतिमा में आरती उतारकर हुई। ज्योत्सना पुरवार, शकुंतला गुप्ता व डा.कल्याणी गोरे के नेतृत्व में बालिकाओं ने अपने-अपने हाथों में मेहंदी रचाकर प्रदर्शित किया। इसी प्रकार बच्चों ने रंगबिरंगी आकर्षक रंगोली सजाई। प्रतिभागियों ने गणेश मूर्ति फूलपत्ती व राष्ट्रीय ध्वज आदि विभिन्न विधाओं को प्रदर्शित किया।
श्रद्धा निगम व निशा गुप्ता की अगुवाई में स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। म्यूजिकल ग्रुप कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति देकर वाहवाही लूटी। जिले के मशहूर कलाकारो ने सुंदर गीत की प्रस्तुति देकर साथ ही नाटक का सुंदर मंचन कर लोगों का मनमोह लिया। तिरंगे झंडे के साथ बाल कलाकारों ने गीत प्रस्तुत किए। नूतन बाल समाज संरक्षक अशोक त्रिपाठी जीतू कलाकारों व दर्शकों का आभार व्यक्त किया। संचालन संजय काकोनिया ने किया। इस मौके पर जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, अशोक कुमार अवस्थी, विद्यासागर द्विवेदी, सुशील कुमार तिवारी, निखिल सक्सेना, नीरज त्रिपाठी, उत्तम सक्सेना, सत्यदेव त्रिपाठी, सचिन चतुर्वेदी, संतोष कुमार करवरिया, रोहन सिंहा, रामलखन सिंह राजपूत, विजय ओमर, धनीराम वर्मा आदि उपस्थित रहे।
शहर से लेकर गांवों तक सजे आकर्षक गणेश पंडाल
जिले में गणेश स्थापना के लिए शहर से लेकर गांवों तक पंडाल सज गए हैं। कहीं छोटे तो कहीं बड़े गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। 11 दिनों तक पूरा क्षेत्र भक्ति भाव में डूबा रहेगा। इस बार छोटी बाजार में लगभग 11 फिट की प्रतिमा की स्थापना की गई है। विशाल पंडाल बनाने के लिए आयोजकों ने जबलपुर से कलाकारों को बुलाया है। पूरे जिले में चौरतरफा गणेश महोत्सव की धूम मची है।