
चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई हरियाणा कैबिनेट की बैठक में महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना को मंजूरी दी गई। इस फैसले के साथ ही प्रदेश की महिलाओं को बड़ी राहत मिली है।
25 सितंबर से लागू होगी योजना
कैबिनेट के बाद सीएम ने जानकारी दी कि यह योजना 25 सितंबर से पूरे प्रदेश में लागू होगी। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी। सरकार जल्द ही इसका नोटिफिकेशन जारी करेगी और आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए एक मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया जाएगा।
किन्हें मिलेगा लाभ?
- 23 साल से अधिक उम्र की सभी महिलाएं – चाहे विवाहित हों या अविवाहित।
- पहले चरण में एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को शामिल किया जाएगा।
- लाभ लेने वाली महिला का पिछले 15 साल से हरियाणा का निवासी होना जरूरी होगा।
- यदि किसी परिवार में तीन पात्र महिलाएं हैं तो सभी को योजना का लाभ मिलेगा।
किन्हें नहीं मिलेगा लाभ?
- पहले से पेंशन पा रही महिलाएं।
- जिन महिलाओं को अन्य सरकारी योजनाओं से पहले ही 2100 रुपये से अधिक की सहायता मिल रही है।
गंभीर बीमारियों से पीड़ित महिलाओं को विशेष राहत
हालांकि कैंसर (स्टेज 3 और 4), 54 दुर्लभ बीमारियों, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया और सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रही महिलाएं इस योजना के दायरे में रहेंगी, भले ही वे पहले से पेंशन प्राप्त कर रही हों।
19 लाख महिलाओं को होगा फायदा
सीएम ने बताया कि करीब 19 लाख महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी। अगले हफ्ते के भीतर गैजेट नोटिफिकेशन और ऐप लॉन्च कर दिया जाएगा। पात्र महिलाओं को आवेदन के लिए SMS भेजे जाएंगे और पंचायत व वार्ड स्तर पर पात्रता सूची प्रकाशित की जाएगी।
विपक्ष पर निशाना
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और पंजाब की आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “उन्होंने कभी वादे पूरे नहीं किए, जबकि बीजेपी सरकार जो कहती है, उसे पूरा करती है।”
कैबिनेट बैठक से मिला सरप्राइज़
सीएम ने बताया कि बजट में पहले ही इस योजना के लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था। आज अचानक बुलाई गई कैबिनेट बैठक में केवल एक ही एजेंडा था—लाडो लक्ष्मी योजना को मंजूरी देना, जिसे तुरंत लागू करने का फैसला लिया गया।