मसूरी : शिक्षा और स्वास्थ्य को वैश्विक स्तर पर ले जाने की दिशा में उत्तराखंड अग्रसर

मसूरी : शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत आज मसूरी पहुंचे और प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार की भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में अब तक 37 विश्वविद्यालय स्थापित हो चुके हैं और इस साल यह संख्या 40 तक पहुँच जाएगी।

शिक्षा में बड़े सुधार और वैश्विक दृष्टि

धन सिंह रावत ने कहा कि इस वर्ष 700 स्कूलों में व्यावसायिक कक्षाएं शुरू की जा रही हैं। 1200 इंटर कॉलेजों में स्मार्ट क्लास, और हर स्कूल में कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को सीमित दायरे से निकालकर वैश्विक स्तर पर लाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 22,000 से अधिक स्कूल संचालित हैं, जहाँ लगभग 37 लाख छात्र अध्ययन कर रहे हैं। राज्य अब सिर्फ पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और स्वास्थ्य केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है।

साक्षरता और वैश्विक शिक्षा पहल

धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड साक्षरता दर के मामले में भारत में दूसरे स्थान पर है, केवल तमिलनाडु आगे है। अगले साल इसे भी पीछे छोड़ा जाएगा। राज्य सरकार ने शिक्षा सुधार के तीन प्रमुख क्षेत्र चिन्हित किए हैं:

  1. राज्य के विश्वविद्यालयों को वैश्विक रैंकिंग में लाना।
  2. नई शिक्षा नीति के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा का पुनरुद्धार
  3. कक्षा 9वीं से व्यावसायिक शिक्षा शुरू करना, ताकि छात्र शिक्षा के साथ रोजगार के लिए तैयार हों।

धन सिंह रावत ने कहा कि अब छात्र सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है।

स्वास्थ्य सुधार और व्यापक अभियान

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश में व्यापक स्वास्थ्य सेवा अभियान चलाया जाएगा। इसमें:

  • 225 स्थानों पर रक्तदान शिविर, 1 लाख यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य।
  • करीब 4 लाख युवाओं का हेल्थ वालंटियर रजिस्ट्रेशन
  • 7500 ग्राम सभाओं में स्वास्थ्य शिविर, जहां डॉक्टर निशुल्क जांच और दवाएं उपलब्ध कराएँगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 2026 तक पिथौरागढ़ और उधमसिंहनगर में नए मेडिकल कॉलेज शुरू होंगे। इसके अलावा, राज्य सरकार 400 एमबीबीएस छात्रों को पीजी पढ़ाई मुफ्त करवा रही है, जिनसे 5 साल तक राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सा उपलब्ध होगी।

राजनीतिक तंज

धन सिंह रावत ने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा,

“70 साल तक वोट की चोरी करने वाले अब क्या नसीहत देंगे? जनता अब समझदार है।”

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें