बी. सुदर्शन रेड्डी : मैं संवैधानिक मूल्यों के साथ खड़ा हूं, संविधान के साथ मेरी यात्रा जारी रहेगी

लखनऊ : इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के प्रत्याशी सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा है कि विपक्षी दलों ने मुझ पर विश्वास रखकर उपराष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाया है। इसके लिए मैं सभी का बहुत-बहुत आभारी हूं। चुनाव में इंडिया गठबंधन के सभी दलों के साथ-साथ जो दल गठबंधन में नहीं हैं, वे भी मदद देने के लिए आगे आ रहे हैं। मैं उत्तर प्रदेश में सांसदों का समर्थन मांगने के लिए आया हूं। श्री रेड्डी सपा मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति का कार्यालय राजनीतिक नहीं, बल्कि उच्च संवैधानिक दायित्व वाला पद है। भारत के संविधान के साथ मेरी यात्रा 1971 में बार से शुरू हुई थी। मैं संवैधानिक मूल्यों के साथ खड़ा हूं और देश को भरोसा दिलाता हूं कि संविधान के साथ मेरी यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने अपनी उम्मीदवारी और समर्थन के लिए समाजवादी पार्टी सहित अन्य सभी राजनीतिक दलों का आभार प्रकट किया।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी राज्य मुख्यालय में इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के प्रत्याशी न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी का शाल ओढ़ाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि आज जिन राजनीतिक परिस्थितियों में उपराष्ट्रपति पद का चुनाव हो रहा है और हम लोग जिस न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, उसके लिए एक न्यायमूर्ति से बेहतर विकल्प कुछ नहीं हो सकता।

अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी संविधान, कानून, न्याय, हक और विचारधारा की लड़ाई लगातार लड़ते रहे हैं। इस न्याय की लड़ाई में उनसे बेहतर विकल्प कोई नहीं हो सकता। हमें उम्मीद है कि जो न्याय के पक्षधर हैं, वे अंतरात्मा की आवाज पर हमारे प्रत्याशी न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी के पक्ष में वोट डालेंगे।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा उपराष्ट्रपति जैसे पद को एक विशेष विचारधारा में बांधना चाहती है, जो देशहित में नहीं है। इसलिए हमने अपने अधिकारों का सदुपयोग करते हुए अपना उम्मीदवार खड़ा किया है। यह चुनाव हार या जीत का नहीं, बल्कि सिद्धांत का है। जब अंतरात्मा की आवाज पर वोट पड़ेगा तो हमारे प्रत्याशी न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी ऐतिहासिक वोटों से जीतकर उपराष्ट्रपति पद पर आसीन होंगे।

इस अवसर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें: गाजीपुर : डंपर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचला, दोनों की मौत

बस्ती : महुलानी गांव के विकास कार्यों में गोलमाल, जांच पूरी, कार्यवाही की तैयारी

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें