Indian Navy : हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी में 18 देशों के अधिकारी होंगे शामिल

भारतीय नौसेना 27 और 28 अगस्त को ‘हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी’ (IONC) के तहत इमर्जिंग लीडर्स पैनल डिस्कशन’ की मेजबानी करेगी। यह दो दिवसीय कार्यक्रम नौसेना की कोच्चि स्थित दक्षिणी कमान में आयोजित होगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह आयोजन 18 देशों के युवा नौसेना अधिकारियों को आपस में जोड़ने और संवाद स्थापित करने पर केंद्रित होगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नौसेना की दक्षिणी कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल वी. श्रीनिवास होंगे। नौसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि इस पैनल चर्चा में सदस्य देशों के अधिकारी समुद्री सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों, उभरती तकनीकों पर सहयोग और प्रशिक्षण क्षमताओं के बेहतर उपयोग पर विचार करेंगे। इसमें 20 से अधिक नौसेनाओं के अधिकारी और 300 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे।

पैनल चर्चा के मुख्य विषय होंगे:

  • हिंद महासागर क्षेत्र का रणनीतिक महत्व और चुनौतियां: युवा अधिकारियों की दृष्टि
  • समुद्री सुरक्षा में उभरती तकनीकें
  • समुद्री सुरक्षा के लिए सहयोग बढ़ाने में IONS की भविष्य की भूमिका
  • IONS देशों के बीच प्रशिक्षण क्षमताओं का उपयोग: भविष्य की रूपरेखा

यह कार्यक्रम IONS ढांचे का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है। नौसेना अधिकारी इसमें क्षेत्रीय समुद्री मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।

पहले भी नौसेना ने 24-25 जून को नई दिल्ली में समुद्री सुरक्षा पर IONS के कार्यकारी समूह की बैठक की मेजबानी की थी। IONS की शुरुआत 2008 में भारतीय नौसेना द्वारा की गई थी, जिसका मकसद हिंद महासागर क्षेत्र के तटीय देशों की नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग को बढ़ाना और एक खुला व समावेशी मंच प्रदान करना है, जहां क्षेत्रीय समुद्री मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा सके।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें