MP : भोपाल में बस की टक्कर से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा

भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के सूखी सेवनिया टोल के करीब यात्रियों से भरी शक्ति ट्रैवल्स की बस ने इंजीनियर को कुचल दिया। घटना के बाद आराेपित बस चालक और कंडक्टर माैके पर ही बस काे छाेड़कर भाग निकले। घायल युवक काे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह उसने दम ताेड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों काे साैंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ था। मृतक पुनीतधर द्विवेदी (34) पुत्र भास्कर द्विवेदी मानस कॉलोनी फेस 1 मित्तल कॉलेज के पास करोंद में रहता था। भोपाल से ही बी.टेक करने के बाद फिलहाल वह वी गार्ड कंपनी में टेरिटरी मैनेजर के पद पर काम कर रहा था। भोपाल और आसपास के पांच जिले उसके अंडर में थे। गुरुवार शाम काे पुनीतधर विदिशा में कंपनी कर्मचारियों की मीटिंग लेकर शाम को एक्टिवा से घर लौट रहा था। भोपाल-विदिशा रोड पर सूखी सेवनिया टोल के पास यात्री से भरी बस ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मारी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह 7 बजे युवक की मौत हो गई। मृतक युवक के पिता एमपीईबी के अधिकारी रहे हैं और चार साल पहले रिटायर्ड हो चुके हैं। मृतक के बड़े भाई भी इंजीनियर हैं। दो साल पहले पुनीत ने मां-पिता की मर्जी से रीवा की रहने वाली युवती से अरेंज मैरिज की थी। नौ महीने पहले ही उसके घर बेटी ने जन्म लिया था।

मामले की जांच कर रहे एसआई केसी यादव ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया है। घटना के समय बस में यात्री सवार थे। बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर लिया है। आरोपी चालक की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मर्ग कायम किया है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें