
शिमला/धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में वीरवार को मौसम साफ रहा। हालांकि, शुक्रवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के कई इलाकों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं शनिवार से अगले चार दिनों तक कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
राज्य में अब भी मौसम का असर साफ दिख रहा है। वीरवार शाम तक प्रदेश में कुल 347 सड़कें बंद रहीं। इसके अलावा 281 बिजली ट्रांसफार्मर और 145 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। अकेले मंडी जिले में 164 और कुल्लू में 123 सड़कें बंद पड़ी हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर धंसी सड़क
बारिश के कारण चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे मंडी-कुल्लू के बीच धंस रहा है। पंडोह डैम से आगे डयोड के पास सड़क का करीब 15 से 20 फुट हिस्सा धंस गया है। इस वजह से वीरवार दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक यहां मरम्मत कार्य चला और वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई।
स्थिति यह है कि मंडी–कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी से झीड़ी तक जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। केवल 50 किलोमीटर की दूरी तय करने में 10 से 12 घंटे लग रहे हैं, जबकि बड़े वाहनों को यह दूरी तय करने में 18 घंटे से भी अधिक का समय लग रहा है।
भूस्खलन से नुकसान
बुधवार रात करीब 1 बजे बरोट-घटासनी मुख्य सड़क पर रेस्तरां के पास की पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। मलबा, चट्टानें और पेड़ गिरने से रेस्तरां परिसर को क्षति पहुंची और मुख्य सड़क भी बाधित हो गई।
पौंग बांध से छोड़ा गया पानी
वीरवार को पौंग बांध से करीब 67 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया, जिससे निचले क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ गई है।
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
- बिलासपुर: 33.5°C
- ऊना: 33.2°C
- हमीरपुर: 33.2°C
- कांगड़ा: 32.2°C
- मंडी: 31.8°C
- सोलन: 30.0°C
- धर्मशाला: 29.0°C
- नाहन: 28.9°C
- मनाली: 26.0°C
- शिमला: 24.0°C