हिमाचल में भाजपा की नई टीम की हुई घोषणा, 8 उपाध्यक्ष और 8 सचिव बनाए

शिमला। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बुधवार को अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। अधिसूचना के माध्यम से जारी इस सूची में उपाध्यक्षों, सचिवों, महामंत्रियों से लेकर मीडिया टीम और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों तक का बंटवारा किया गया है। बिंदल की यह नई टीम प्रदेश में संगठन को और मजबूती देने और चुनावी तैयारियों को गति देने के दृष्टिगत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

आठ उपाध्यक्ष और आठ सचिव नियुक्त

नई कार्यकारिणी में आठ उपाध्यक्ष और आठ सचिवों को शामिल किया गया है। उपाध्यक्ष पद पर बिहारी लाल शर्मा, रश्मि धर सूद, डॉ. राजीव भारद्वाज, विपिन सिंह परमार, पवन काजल, विनोद कुमार, राजेश ठाकुर और बलबीर वर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। इसी प्रकार महामंत्री पद पर डॉ. सिकंदर कुमार, संजीव कटवाल और पायल वैद्य को चुना गया है। आठ सचिवों में सुमित शर्मा, डॉ. संजय ठाकुर, वंदना योगी, प्रियंता शर्मा, कुसुम सदरेट, तिलकराज शर्मा, अमित ठाकुर और शिशु धर्मा को शामिल किया गया है। प्रदेश कोषाध्यक्ष का दायित्व कमलजीत सूद को और कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी प्रमोद ठाकुर को दी गई है।

मीडिया टीम पर फिर जताया भरोसा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बिंदल ने मीडिया विभाग में एक बार फिर भरोसा जताया है। मीडिया प्रभारी के रूप में रणधीर शर्मा को नियुक्त किया गया है, वहीं मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी राकेश जमवाल को दी गई है। मीडिया संयोजक का दायित्व कर्ण नंदा को सौंपा गया है। पार्टी की सोशल मीडिया टीम में सुशील राठौर को संयोजक और कमल ठाकुर को सह संयोजक बनाया गया है। आईटी विभाग की जिम्मेदारी अनिल डडवाल को संयोजक और प्रवीण ठाकुर को सह संयोजक के रूप में दी गई है।

सन्नी शुक्ला को प्रदेश भाजयुमो और डेजी ठाकुर को महिला मोर्चा की कमान

प्रदेश में पार्टी के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है। युवा मोर्चा का अध्यक्ष सन्नी शुक्ला को बनाया गया है, जबकि महिला मोर्चा की कमान डॉ. डेजी ठाकुर को दी गई है। किसान मोर्चा की जिम्मेदारी संजीव दृष्टा को सौंपी गई है। अनुसूचित जाति मोर्चा का नेतृत्व मुनिश चौहान करेंगे और ओबीसी मोर्चा की कमान रामलोक धनोटीया के हाथों में दी गई है। अनुसूचित जनजाति मोर्चा का अध्यक्ष सुनील नेगी और अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष सरदार गुरमीत सिंह को नियुक्त किया गया है।

नई टीम में मीडिया संयोजक बनाए गए कर्ण नंदा ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है।

यह भी पढ़ें: महराजगंज: समिति पर खाद के लिए उमड़ी किसानों की भीड़, टोकन से बंटी यूरिया

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें