
Delhi CM Rekha Gupta : दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जनसुनवाई के दौरान गुजरात के रहने वाले 41 वर्षीय राजेश खिमजी ने थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जनसुनवाई में शिकायत करने के बहाने सीएम रेखा गुप्ता के पास आया और फिर उसने शिकायत पत्र थमाया। इसके बाद उसने सीएम को थप्पड़ मार दिया।
इस घटना के बाद पहली बार सीएम बनी रेखा गुप्ता ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। दरअसल, रेखा गुप्ता दिल्ली की दूसरी मुख्यमंत्री बन गई, जिसे आम शख्स ने थप्पड़ मारा है। लेकिन मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए आम आदमी से थप्पड़ खाने में अरविंद केजरीवाल का रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाएगा। इससे पहले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भीड़ से आए एक शख्स ने थप्पड़ मारा था। अरविंद केजरीवाल पर एक नहीं बल्कि कई बार हमला हुआ था।
अरविंद केजरीवाल पर हो चुके हैं 6 बार अटैक
2014- दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर सबसे पहला हमला 11 साल पहले 2014 में हुआ था। इसके बाद 8 अप्रैल 2014 में दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में उनको एक शख्स ने थप्पड़ मारा था। इसके बाद दक्षिणपुरी में एक रोड शो में भी अरविंद केजरीवाल शख्स ने उन्हें थप्पड़ मारा था। इतना ही नहीं, 2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान जब अरविंद केजरीवाल और आप के अन्य नेता उत्तर प्रदेश के वाराणसी निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार कर रहे थे, तो कुछ लोगों ने उन पर अंडे और स्याही फेंकी थी। इसी के बाद काफिले में घुसकर एक व्यक्ति ने केजरीवाल की खुली जीप पर चढ़कर उनकी गर्दन पर मारा था।
2016- साल 2016 में भी अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ था। दरअसल, अरविंद केजरीवाल दिल्ली में ऑड-ईवन योजना को फिर से लागू करने का ऐलान कर रहे थे, तभी उस समय एक शख्स ने केजरीवाल पर जूता फेंक कर मारा था। शख्स ने आम आदमी पार्टी पर ऑड-ईवन योजना के दौरान नकली सीएनजी स्टिकर बेचने का आरोप लगाया था।
2018- अरविंद केजरीवाल के थप्पड़ खाने का यह सिलसिला साल 2018 में भी जारी रहा। 20 नवंबर 2018 में एक व्यक्ति ने दिल्ली सचिवालय के अंदर घुसकर अरविंद केजरीवाल को पत्र दिया और फिर पैर भी छुए, लेकिन फिर केजरीवाल के चेहरे पर मिर्च पाउडर मल दिया।
2019- इस साल भी केजरीवाल पर हमला हुआ। 7 मई 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए अरविंद केजरीवाल जब मोती नगर इलाके में एक रोड शो कर रहे थे, तब एक व्यक्ति अचानक उनकी कार पर चढ़ा और उन्हें थप्पड़ मार दिया। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया था और बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
2024- पिछले साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भी अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ था। जब अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मालवीय नगर में पदयात्रा कर रहे थे, तब एक बस मार्शल ने उनपर पानी फेंक दिया था।
बता दें कि दिल्ली में बतौर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सबसे ज्यादा हमले हुए थे। वहीं, अब इस लिस्ट में सीएम रेखा गुप्ता का नाम भी शामिल हो गया है। रेखा गुप्ता के साथ यह हादसा तब हुआ जब वह जनसुनवाई में लोगों की समस्या सुन रही थी, भारी सुरक्षा बल उनके साथ मौजूद था। वह एक सुरक्षा के घेरे में थी, लेकिन फिर भी उनकी सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक हो गई। अब सवाल यह है कि दिल्ली में मुख्यमंत्री की सुरक्षा कितनी सशक्त है?
मुख्यमंत्री के आवास, कार्यालय, सार्वजनिक कार्यक्रम और यात्रा के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाती है। इसमें बुलेटप्रूफ गाड़ियां, गुप्तचर एजेंसियों की निगरानी, सुरक्षाकर्मी, सीसीटीवी कैमरे और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के उपाय शामिल हैं। इसके अलावा, मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा कर्मी (पीएसओ), सुरक्षा दस्ते और विशेष सुरक्षा योजनाएं लागू की जाती हैं। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के साथ ऐसी घटना का होना सीएम की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है।
यह भी पढ़े : लोकसभा में पेश हुए तीन विधेयक, पीएम हो या सीएम… आपराधिक मामले में सभी जाएंगे जेल, विपक्ष ने किया बिल का विरोध