झांसी : नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, मलिन बस्ती पर चला बुलडोजर, लोगों ने जमकर किया विरोध

झांसी। आईटीआई के पास स्थित मलिन बस्ती में मंगलवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में झोपड़पट्टियों और पक्के मकानों पर बुलडोजर चलवाया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते विरोध बेअसर साबित हुआ।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, बस्ती में लंबे समय से अवैध निर्माण और कब्जे किए गए थे। निगम द्वारा पहले ही लोगों को नोटिस देकर अवैध कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन समय रहते किसी ने भी कब्जा नहीं छोड़ा। इसके बाद आज सुबह नगर निगम ने पुलिस बल के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई के दौरान लोगों ने नारेबाजी कर विरोध जताया और बुलडोजर रुकवाने की कोशिश भी की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने किसी भी तरह की स्थिति बिगड़ने नहीं दी। विरोध के बावजूद बुलडोजर लगातार चलता रहा और कई झोपड़ियां व मकान ढहा दिए गए।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं प्रभावित परिवारों ने आरोप लगाया कि उन्हें पुनर्वास या किसी वैकल्पिक व्यवस्था का आश्वासन दिए बिना उनके घर तोड़ दिए गए हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें