
- 65 लाख वोट बिहार के अंदर काट दिए जाएंगे तो फिर चुनाव ही कहां रह जाएगा : संभल सांसद
संभल लोकसभा से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने शनिवार को एक इंटरव्यू में कहा कि बुलडोजर कार्रवाई सिर्फ घरों, दुकानों पर नहीं, हमारे अधिकारों पर चल रही है। हमारे अधिकारों को बुलडोजर तले रौंदा जा रहा है। व्यवस्थापिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका देश की तीन जगह ताकत को बांटा गया है लेकिन एक ही ताकत तीनों का काम कर रही है।
सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने आगे कहा कि हम चाहते हैं कि देश का लोकतंत्र और अधिकार अपनी जगह कायम रहें। किसी को अधिकार नहीं है चाहे पुलिस-प्रशासन हो या सरकार सजा दे। सजा देने का काम देश की न्यायपालिका का है जिस पर हमें आंख बंद करके भरोसा है। हम इस देश की तमाम न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, चाहे छोटी न्यायपालिका हो या सर्वोच्च न्यायपालिका हो लेकिन अगर किसी ने गलत किया है तो आप कार्रवाई सिर्फ इतनी कर सकते हैं लिखित पढ़त की, सजा देने का काम आपका नहीं है। सांसद जियाउर्रहमान ने कहा कि बार-बार न्यायपालिका इस बात को कहती रही सर्वोच्च न्यायालय कि बुलडोजर कार्रवाई बंद होनी चाहिए लेकिन अफसोस इस बात का है कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को भी बार-बार नजर अंदाज कर दिया जाता है।
सांसद बर्क ने कहा कि अगर वोट का अधिकार ही नहीं होता इस देश के अंदर तो फिर राजशाही और लोकतंत्र में फर्क क्या रह जाता। हम चाहते हैं कि, जनता की चुनी हुई सरकार कायम रहे और यह तभी कायम रहेगा जब सब लोगों को अपने मतों को डालने का अधिकार होगा। अगर 65 लाख वोट बिहार के अंदर काट दिए जाएंगे तो फिर चुनाव ही कहां रह जाएगा। हम चाहते हैं कि बिहार के साथ-साथ पूरे देश के अंदर लोकतंत्र स्थापित रहे, संविधान स्थापित रहे और उसके साथ-साथ जो अधिकार है, जनता को उसके द्वारा ही सरकार चुनी जानी चाहिए । वह अधिकार नहीं छिनना चाहिए।
यह भी पढ़े : Krishna Janmashtami 2025 : मथुरा में आज जन्माष्टमी पर आ रहें हैं सीएम योगी, ब्रज में छाया उल्लास