
बहराइच ,पयागपुर तहसील : आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत पयागपुर में मंगलवार को एक भव्य और ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने किया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों के साथ हजारों की संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल हुए, जिससे पूरा नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
सुबह से ही नगर में उत्साह का माहौल था। पुरुष, महिलाएं, युवा, बच्चे और बुजुर्ग पारंपरिक वेशभूषा एवं रंग-बिरंगे परिधानों में सज-धजकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। यात्रा पयागपुर बस स्टैंड स्थित रामालय गेस्ट हाउस से शुरू होकर सचौली, अर्जुनपुरवा चौराहा, कोटबाज़ार एवं भूपगंज बाजार होते हुए नगर के मुख्य मार्गों से विभिन्न चौकों और बाजारों से गुजरी। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय हिंद के नारों से वातावरण गूंज उठा।
यात्रा में शामिल महिलाओं का जोश भी देखने लायक था। सिर पर दुपट्टा और हाथों में तिरंगा थामे, वे पूरे उत्साह से कदम से कदम मिलाकर चल रही थीं। बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया।
विधायक सुभाष त्रिपाठी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी एकता, अखंडता और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद रखते हुए हर घर पर तिरंगा फहराएं और राष्ट्र की सेवा में सदैव तत्पर रहें।
यात्रा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि समय प्रसाद मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य जनक सिंह, कपीश सिंह, उमाशंकर त्रिपाठी समेत नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी वर्ग, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति का अद्वितीय संगम देखने को मिला।
ये भी पढ़ें: सीतापुर : संदना गौशाला में गौवंश की दयनीय स्थिति, प्रशासन ने शुरू की जांच
गाजियाबाद : एसीपी प्रियाश्री पाल की सख्ती पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, एक घायल