
गाजियाबाद। सोमवार को गाजियाबाद के जिला जज आशीष गर्ग का अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे यशोदा अस्पताल में भर्ती थे, जहां कुछ दिन पहले उनका हर्निया का ऑपरेशन हुआ था। बताया जा रहा है कि वे वॉशरूम में थे, तभी अचानक हार्ट अटैक से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आशीष गर्ग मुजफ्फरनगर के मूल निवासी थे और वहीं से उन्होंने अपनी वकालत की शुरुआत की थी।
आशीष गर्ग न्यायपालिका में एक अनुभवी और सम्मानित अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से न्यायिक बिरादरी में शोक की लहर फैल गई है। कोर्ट परिसर में शोक का माहौल है और कई वरिष्ठ अधिवक्ता व न्यायिक अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिला जज आशीष गर्ग के कार्यकाल को उनकी न्यायप्रियता, ईमानदारी और निष्पक्षता के लिए याद किया जाएगा। उनका अचानक निधन न्यायिक व्यवस्था के लिए एक बड़ा नुकसान है। प्रशासन की ओर से भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया है।