
लखनऊ : साइबर अपराध से निपटने के लिए तीन प्रमुख पहलुओं पर काम किया जायेगा जिसमें ऐसे अपराधों की पहचान और रोकथाम के प्रयास किये जायेगे। पुलिस की तैयारी और प्रशिक्षण पर जोर दिया जायेगा। इसके साथ ही जनता के बीच जागरूकता फैलायी जायेगी। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र के अधिकारियों के बीच साइबर अपराध रोकने के लिए आयोजित बैठक में रणनीति और टीम के साथ काम करने पर मंथन हुआ।
बैठक का उद्देश्य प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने के लिए राज्य और केंद्र के बीच सहयोग को मजबूत करना था। दोनों पक्षों ने मिलकर यह विचार किया कि आम जनता को सुरक्षित रखने के लिए कैसे नई पहलों और बेहतर समन्वय के माध्यम से काम किया जा सकता है। बैठक में उत्तर प्रदेश में एक विशेष केंद्र स्थापित करने पर चर्चा हुई, जो साइबर अपराधों की रोकथाम और जांच पर केंद्रित होगा। महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों को अलग से देखने की भी योजना पर बात हुई। साइबर अपराध से जुड़े मामलों में लोगों की शिकायतों को तुरंत दर्ज करने के लिए एक सुविधाजनक प्रक्रिया शुरू करने की संभावना पर चर्चा हुई।
इस क्षेत्र में विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों को जिम्मेदारी देने के तरीकों पर विचार किया गया। साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों और जानकारी को बेहतर तरीके से कैसे एकत्र और प्रबंधित किया जाए,जिलों में मिल रही शिकायतों की निगरानी और उनके निपटारे की गुणवत्ता को मापने के लिए एक केंद्रीय व्यवस्था बनाने की बात हुई। धोखाधड़ी या ठगी के मामलों में पीड़ितों को राहत दिलाने के उपायों पर भी विचार किया गया। उन क्षेत्रों की पहचान करने पर चर्चा हुई जहाँ साइबर ठगी सबसे ज्यादा हो रही है और ऐसे क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने की बात हुई।
लोगों के ठगे गए पैसे की जल्द से जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित टीम की जरूरत महसूस की गई। बैठक के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को देखते हुए केंद्र और राज्य के बीच साझा प्रयासों की सख्त जरूरत है। दोनों पक्षों ने इस दिशा में आपसी समन्वय बढ़ाने और नियमित संवाद बनाए रखने पर सहमति जताई। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक साइबर क्रइम सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में पढ़ाई अब आसान नहीं ट्रंप की नई पॉलिसी से भारतीय छात्रों की बढ़ी टेंशन, ये देश बन रहे नए विकल्प
बलरामपुर: मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार जीतने वाले प्रधान को मिला लालकिला आमंत्रण












